Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > राज्यपाल समेत राजनेताओं ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर दी शुभकामनाएं

राज्यपाल समेत राजनेताओं ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर दी शुभकामनाएं

राज्यपाल समेत राजनेताओं ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर दी शुभकामनाएं
X

भोपाल। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री कमलनाथ समेत राजनेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से महिलाओं को शुभकामनाएं दी हैं।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शुक्रवार को ट्वीट किया है-' मेरा मानना है कि आज महिलाओं ने हर क्षेत्र में जो उपलब्धियां हासिल की हैं, वह उनकी लगन और मेहनत का परिणाम है। सामाजिक, आर्थिक, सांसकृतिक विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान से देश के विकास को गति मिली है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ।'

वहीं, मुख्यमंत्री कमलनाथ ने एक कविता के माध्यम से महिलाओं को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ट्वीट किया है-'जग को जीवन देने वाली, मौत भी तुझसे हारी है, कोमल है तू कमजोर नहीं, शक्ति का नाम ही नारी है। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर समस्त नारीशक्ति को प्रणाम...!!' सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि 'मेरा सदैव ये मानना रहा है कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति में महिलाओं का योगदान अहम होता है। मातृशक्ति को प्रोत्साहित और मजबूत किए बगैर देश मजबूत नहीं हो सकता। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मातृशक्ति को मेरा नमन। आपने राष्ट्र को अनेक अवसरों पर अपनी उपलब्धियों से गौरवान्वित किया है।'

मध्यप्रदेश कांग्रेस पार्टी की तरफ से भी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को शुभकामनाएं दी गई हैं। ट्वीट किया गया है-'नारी को नमन: "विश्व महिला दिवस" पर कांग्रेस परिवार इस भारत की प्रत्येक नारी को नमन कर उनके सम्मान, स्वाभिमान और अधिकार की रक्षा का वचन देता है। "यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता:" के भाव को अपने अंदर समाहित कर हम भारतीय नारी को प्रणाम करते हैं।'

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान ने महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट किया है-'शायद आज आप को ये जान कर खुशी होगी की 8 मार्च 2013 को महिला दिवस पर ही मैंने अपना पहला ट्वीट हमारी महिला शक्ति को सलाम करते हुए किया था। यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता:! नारी की केवल पूजा करने से नहीं, बल्कि इनको सशक्त बनाने से ही 'अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस' जैसे दिनों का उद्देश्य सार्थक होगा। हमारी सभी बहन-बेटियां समर्थ बनें, खुशहाल रहें, चेहरे पर चिरस्थायी मुस्कान रहे, मेरी शुभकामनाएं! हेप्पी वूमन्स डे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने ट्वीट करते हुए कहा है कि 'महिलाएं हर क्षेत्र में कंधे से कंधा मिलकर देश और दुनिया के विकास में अपना अमूल्य योगदान दे रही हैं। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मातृ शक्ति को नमन एवं हार्दिक शुभकामनाएं। वहीं, विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने ट्वीट किया है कि नारी शक्ति को प्रणाम करते हुए आप सभी को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाश विजयवर्गीय ने भी ट्वीट के माध्यम से महिलाओं को बधाई दी है। उन्होंने लिखा है-'अंतरराष्ट्रीय महिलादिवस पर आप सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ...।' इसी प्रकार भाजपा ने सभी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की तरफ से महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएँ दी हैं।

Updated : 8 March 2019 9:28 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top