Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > कांग्रेस ने हमेशा देश को सजाने-संवारने का काम किया : राज बब्बर

कांग्रेस ने हमेशा देश को सजाने-संवारने का काम किया : राज बब्बर

कांग्रेस ने हमेशा देश को सजाने-संवारने का काम किया : राज बब्बर
X

भोपाल। कांग्रेस ने हमेशा देश को सजाने-संवारने और संभालने का काम किया है। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी टीम के साथ पूरे देश का सर्वे कराने के बाद उनकी समस्याओं को ध्यान में रखकर अपना मैनिफेस्टो तैयार किया है। हमने न्याय योजना में गरीब परिवार की महिला को 72 हजार रुपये सालाना देने का वादा किया है। जिस दिन कांग्रेस दिल्ली की गद्दी पर बैठेगी, उसी दिन देश में न्याय योजना लागू की जाएगी। यह बात कांग्रेस के उत्तरप्रदेश के अध्यक्ष राज बब्बर ने शुक्रवार को भोपाल में मीडिया से चर्चा करते हुए कही।

भोपाल स्थित कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राज बब्बर ने लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस की सरकार बनने का दावा किया। उन्होंने कहा कि आगामी 23 मई के बाद कांग्रेस भाजपा के विरोधी दलों के साथ मिलकर केंद्र में सरकार बनाएगी और दिल्ली की गद्दी पर बैठने के बाद सबसे पहले हमारी सरकार न्याय योजना लागू करेगी और हर वर्ग को न्याय दिलाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत देश के हर गरीब परिवार को सालाना 72 हजार रुपये मिलेंगे, जिससे उन परिवारों को दो वक्त की रोटी मिलेगी। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारी इस योजना से भाजपा में बौखलाहट दिख रही है। मोदी सरकार के कई मंत्रियों ने चुनाव लडऩे से ही मना कर दिया है।

राज बब्बर ने कहा कि कांग्रेस सबको साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। हम लोगों को मूलभूत सुविधाएं देने देने और उनको विकास की धारा से जोडऩे के लिए प्रतिबद्ध हैं। अपनी इस प्रतिबद्धता को पूरा करने के लिए हमारी सरकार न्याय योजना शुरू करने जा रही है। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यहां कोई वैराग्य की कथा नहीं चल रही है। भाजपा के पास चुनाव लड़ाने के लिए चेहरे नहीं थे। उनका बस चलता तो जेल में बंद किसी अपराधी को चुनाव लड़वा देते। साध्वी प्रज्ञा ने कौन-सा तप और त्याग किया है। दिग्विजय सिंह ने नर्मदा की पैदल परिक्रमा की है।

उन्होंने पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस ने कई आतंकियों को ग्लोबल आंतकी घोषित करवाया था। अजहर मसूद को तो भाजपा ही कंधार छोडक़र आई थी। प्रधानमंत्री सेना की कार्रवाई का श्रेय लेना चाहते हैं, लेकिन जनता सब जानती है। उन्होंने दावा किया कि इस बार यूपी में कांग्रेस को पहले से ज्यादा सीटें मिलेंगी। योगी आदित्यनाथ और पीएम मोदी का झूठ अब जनता के सामने आ चुका है। इसलिए कांग्रेस अपने सहयोगी दलों के साथ केंद्र में सरकार बनाने में सफल होगी।

Updated : 4 May 2019 5:02 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top