Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > कमलनाथ ने कहा - संविधान की मूल भावना है सभी वर्गों को न्याय मिले

कमलनाथ ने कहा - संविधान की मूल भावना है सभी वर्गों को न्याय मिले

-दलित पिछड़ा अधिकार मोर्चा ने किया मुख्‍यमंत्री का सम्‍मान

कमलनाथ ने कहा - संविधान की मूल भावना है सभी वर्गों को न्याय मिले
X

भोपाल। राजधानी के समन्वय भवन में मप्र सरकार के दलित पिछड़ा अधिकार मोर्चा ने पिछड़े वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण देने पर मंंगलवार को सम्मान एवं आभार समारोह आयोजित किया। समारोह में मोर्चा ने मुख्यमंत्री कमलनाथ को सम्‍मानित किया। मौके पर मोर्चा के अध्यक्ष दामोदर सिंह ने मुख्‍यमंत्री को मां पीताम्बरा देवी का चित्र भेंट किया।

इस अवसर पर मुख्‍यमंत्री नाथ ने कहा कि संविधान की मूल अवधारणा है कि सभी वर्गों के साथ न्याय हो। संविधान की इसी सोच के साथ मध्यप्रदेश सरकार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्‍य है कि प्रदेश में हर वर्ग को न्याय मिले और नौजवानों को रोजगार मिले। उन्होंने कहा कि हम किसी वर्ग को आरक्षण नहीं दे रहे हैं बल्कि संविधान की भावना के अनुसार उन्हें न्याय दे रहे हैं। न्याय का यही सिद्धांत आज हमें सभी प्रकार की अनेकता के बाद भी एकता के सूत्र में पिरोए हुए हैं। उन्होंने पिछड़ा वर्ग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा इस वर्ग ने उन्हें जो प्यार और विश्‍वास दिया है, उससे उन्हें बल मिला है, सभी वर्गों के सर्वांगीण विकास के लिए शक्ति मिली है।

उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी ने कहा कि आज मंत्रि-मंडल में सर्वाधिक 40 प्रतिशत पिछड़े वर्ग के मंत्री शामिल हैं। इन सभी मंत्रियों पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। मुख्यमंत्री कमल नाथ पिछड़े वर्ग को उनकी आबादी के अनुसार 27 प्रतिशत आरक्षण देने के साथ ही हर क्षेत्र में पूरा सम्मान और अधिकार भी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ऐतिहासिक फैसले ले रहे हैं, वह भी प्रचार-प्रसार से दूर रह कर। उनका विश्वास सिर्फ काम करने में है। काम का लाभ जरूरतमंदों को मिले, यह सुनिश्चित करना मुख्यमंत्री का लक्ष्य है।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री कमलेश्वर पटेल और कुटीर, ग्रामोद्योग एवं नवीन नवकरणीय उर्जा मंत्री हर्ष यादव ने कहा कि 27 प्रतिशत आरक्षण देकर मुख्यमंत्री ने पिछड़े वर्ग को एतिहासिक सौगात दी है। पशुपालन मंत्री लाखन सिंह यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जो न्याय पिछड़ा वर्ग को दिया है, उसके लिए पूरा वर्ग उनके साथ दृढ़ता के साथ खड़ा हैं। किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री सचिन यादव ने कहा कि प्रदेश की आधी आबादी पिछड़ा वर्ग को पहली बार न्याय मिला है। इस मौके पर मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष अशोक सिंह, विधायक कुणाल चौधरी एवं बड़ी संख्या में पिछड़ा वर्ग समाज के लोग उपस्थित रहे।

Updated : 13 Aug 2019 1:50 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top