Home > MP Election 2018 > कांग्रेस के गढ़ से फिर शुरू होगी शिवराज की यात्रा

कांग्रेस के गढ़ से फिर शुरू होगी शिवराज की यात्रा

अजा-जजा आंदोलन के असर को भी निष्प्रभावी करेगी भाजपा

कांग्रेस के गढ़ से फिर शुरू होगी शिवराज की यात्रा
X

भोपाल। मध्यप्रदेश में तीन महीने बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। चौथी बार सत्ता में वापसी करने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहन प्रदेश में जन आशीर्वाद यात्रा कर रहे हैं। उनकी इस यात्रा का अगला चरण 24 अगस्त से श्योपुर जिले से शुरू होगा। इसमें वह श्योपुर के साथ चंबल क्षेत्र में भी प्रचार करेंगे। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन के बाद राज्य सरकार ने प्रदेश में सात दिन का राजकीय शोक घोषित किया था। इस बीच शिवराज की जन आशीर्वाद यात्रा को 22 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।

श्योपुर जिले में दलित आंदोलन को देखते हुए यहां भाजपा विशेष रूप से तैयारी में जुटी है। फिलहाल ये सीट भाजपा के पास है। 2013 में यहां से भाजपा के दुर्गालाल ने कांग्रेस के बृजराज सिंह चौहान को हराकर इस सीट पर जीत हासिल की थी। लेकिन इस बार भाजपा के सामने कांग्रेस के बजाए अपनों से लड़ाई है। दुर्गालाल के खिलाफ पार्टी के ही कुछ नेताओं ने मोर्चा खोल रखा है। गौरतलब है कुछ समय पहले श्योपुर आए बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान के सामने भाजपा कार्यकर्ताओं ने ही भाजपा से बैर नहीं, दुर्गा तेरी खैर नहीं जैसे नारे लगाए थे। वहीं, श्योपुर की विजयपुर सीट कांग्रेस का गढ़ मानी जाती है। यहां से मप्र कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं विजयपुर विधायक रामनिवास रावत पांच बार से विधायक हैं। शिवराज अपनी पहली सभा विजयपुर विधानसभा में ही करेंगे। इस सीट को भाजपा लंबे समय से फतह करना चाहती है, लेकिन अब तक उन्हें सफलता नहीं मिली।

इस बार ऐसी चर्चा है कि विजयपुरा में जनता बदलाव चाहती है। भाजपा का कहना है कि मुख्यमंत्री विजयपुर की जनता को कई विकास योजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान उनके साथ कई वरिष्ठ मंत्री भी मौजूद रहेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विजेश लुनावत ने बताया कि पार्टी ने सभी राजनीतिक कार्यक्रम और मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा को 22 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। पहले यात्रा धार जिले से टीकमगढ़ में होनी थी, लेकिन अब इसमें बदलाव किया गया है। अब 24 अगस्त से श्योपुर से यात्रा शुरू होगी। गौरतलब है कि 16 अगस्त को छिंदवाड़ा की तीन विधानसभा क्षेत्रों में जाने वाली इस यात्रा को स्थगित कर दिया गया था।

Updated : 20 Aug 2018 11:51 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top