Home > Lead Story > #UNGA : भारत ने दुनिया को युद्ध नहीं बल्कि बुद्ध दिए : पीएम मोदी

#UNGA : भारत ने दुनिया को युद्ध नहीं बल्कि बुद्ध दिए : पीएम मोदी

संयुक्त राष्ट्र/न्यूयॉर्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के 74वें सत्र को हिंदी में संबोधित किया। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ पूरी दुनिया को एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आतंक के नाम पर बंटी हुई दुनिया, उन सिद्धांतों को ठेस पहुंचाती है, जिनके आधार पर यूएन का जन्म हुआ है। इसीलिए मानवता की खातिर, आतंक के खिलाफ पूरे विश्व का एकमत होना, एकजुट होना मैं अनिवार्य समझता हूं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे देश ने युद्ध नहीं बुद्ध दिए हैं। यूएन शांति सेना में भारत का योगदान सर्वोच्च है।उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता अभियान, नो-मोर सिंगल यूज प्लास्टिक, फाइनेंसियल इनक्लूजन और हेल्थ इन्शयोरेंस स्कीम का मुद्दा भी उठाया।

उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के 74वें सत्र को संबोधित करना 130 करोड़ भारतीयों के लिए गौरव की बात है। हमारा परिश्रम दिखावा नहीं, कर्तव्यभाव से प्रेरित है। भारत में तेजी से नए बदलाव आ रहे हैं। भारत को 2025 तक टीबी मुक्त करने का लक्ष्य तय किया है। सांस्कृति संपन्नता का बखान करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे संस्कार और संस्कृति जीव में शिव को देखती है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव हुआ। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में दुनिया में सबसे ज्यादा लोगों ने वोट देकर मुझे और मेरी सरकार को पहले से ज्यादा मजबूत जनादेश दिया। इसी जनादेश की वजह से ही आज मैं फिर से यहां हूं। जब एक विकासशील देश दुनिया का सबसे बड़ा स्वच्छता अभियान सफलतापूर्वक संपन्न करता है, सिर्फ पांच साल में 11 करोड़ से ज्यादा शौचालय बनाकर अपने देशवासियों को देता है तो उसके साथ बनी व्यवस्थाएं पूरी दुनियां को एक प्रेरक संदेश देती हैं।


Updated : 27 Sep 2019 3:23 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top