Home > Lead Story > न्यूजीलैंड की मस्जिदों में आतंकी हमले में नौ भारतीय भी लापता

न्यूजीलैंड की मस्जिदों में आतंकी हमले में नौ भारतीय भी लापता

न्यूजीलैंड की मस्जिदों में आतंकी हमले में नौ भारतीय भी लापता
X

अब तक 49 की मौत और 50 से अधिक घायल

वेलिंगटन/एजेंसीन्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च की अल-नूर और लिनवुड मस्जिद में शुक्रवार को गोलीबारी हुई। हमला दोपहर की नमाज के बाद किया गया। इसमें 49 लोग मारे गए और 50 जख्मी हैं। पुलिस ने बताया कि 4 लोगों को हिरासत में लिया गया। लेकिन अभी हमलावर की तलाश जारी है। प्रधानमंत्री जेसिंडा आर्डर्न ने इसे आतंकी हमला करार दिया है। एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मस्जिद के पास से एक कार से कई आईईडी को निष्क्रिय किया। उधर, ऑकलैंड स्थित ब्रिटोमार्ट स्टेशन पर भी एक बम निष्क्रिय किया गया। वहीं न्यूजीलैंड में भारतीय राजदूत ने ट्वीट किया है कि स्त्रोतों से मिल रही जानकारी के मुताबिक हमले में 9 भारतीय/भारतीय मूल के लोगों के लापता होने की खबर है। आधिकारिक जानकारी आना बाकी है। नमाज के लिए गए थे बांग्लादेश के खिलाड़ी गोलीबारी स्थानीय समय के मुताबिक दोपहर करीब 1.45 बजे हुई। बांग्लादेश टीम के कुछ सदस्य कोचिंग स्टाफ के साथ नमाज पढ़ने अल-नूर मस्जिद गए थे। खिलाड़ी जैसे ही बस से उतरे, उन्होंने मस्जिद के अंदर गोलियों की आवाज सुनी। वे भीतर जाने ही वाले थे कि कई लोग अंदर से भागते हुए निकले। कुछ लोगों ने खिलाड़ियों के सामने ही दम तोड़ा। 10 मिनट में ही खिलाड़ी वहां से होटल के लिए निकल गए। बांग्लादेश के क्रिकेटर तमीम इकबाल ने ट्वीट किया- हमलावरों से पूरी टीम सुरक्षित है। यह एक भयावह अनुभव रहा।

हमलावर ने फेसबुक पर की थी हमले की लाइव स्ट्रीमिंग


मुख्य हमलावर ने हमले की फेसबुक पर लाइवस्ट्रीमिंग की थी। वीडियो की शुरुआत में वह चलो, पार्टी शुरू करते हैं कहते हुए सुनाई दे रहा है। इतना ही नहीं हमलावर टैरंट ने गुरुवार रात को ही फेसबुक पर पोस्ट के जरिए अपनी मंशा जाहिर कर दी थी और लिखा था कि वह आक्रमणकारियों पर हमला करेगा और उसे फेसबुक पर लाइव दिखाएगा। दरिंदे टैरंट ने इस दिल दहला देने वाली करतूत को 17 मिनट तक फेसबुक पर लाइव किया। वह कार को चालू करते समय कहता है कि चलो, इस पार्टी को अब शुरू करते हैं। इसके बाद वह सेन्ट्रल क्राइस्टचर्च के अल नूर मस्जिद की तरफ बढ़ना शुरू कर देता है। कार में उसने कई हथियार भी जमा कर रखे थे, जिसे फेसबुक लाइव के दौरान भी दिखाया था। एक जगह वह कार से उतरता है और जमीन में ताबड़तोड़ गोलियां दागता है। पाश्र्व में सर्बियन संगीत बज रहा था और वह सैटलाइट नैविगेशन के जरिए गाड़ी मोड़ रहा था जो उसे यह बताता था कि कब किस ओर मुड़ना है। 28 साल का मुख्य हमलावर ब्रेंटन टैरंट ऑस्ट्रेलिया में पैदा हुआ था। उसने अपनी मंशा का ऐलान करते हुए 37 पेजों का एक घोषणा पत्र भी लिखा है, जिसका शीर्षक है- द ग्रेट रिप्लेसमेंट यानी महान बदलाव। इसे एक वेबसाइट पर पोस्ट किया गया था। अबतक उसके बारे में जो भी जानकारियां सामने आई हैं, वह उसकी फेसबुक प्रोफाइल पर दिए गए परिचय और उसके घोषणा पत्र पर आधारित हैं।

Updated : 15 March 2019 5:09 PM GMT
author-thhumb

Naveen Savita

Swadesh Contributors help bring you the latest news and articles around you.


Next Story
Top