Home > Lead Story > धनकुबेरों की सूची में मुकेश की लम्बी छलांग, दुनियां के 13वें सबसे अमीर बने

धनकुबेरों की सूची में मुकेश की लम्बी छलांग, दुनियां के 13वें सबसे अमीर बने

धनकुबेरों की सूची में मुकेश की लम्बी छलांग, दुनियां के 13वें सबसे अमीर बने
X

नई दिल्ली। रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी फ़ोर्ब्स मैगज़ीन की विश्व अरबपतियों की सूची में 13वें पायदान पर हैं, जबकि अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस इस बार भी पहले पायदान पर हैं। फोर्ब्स ने 33वीं बार अरबपतियों की सूची जारी की है। वर्ष 2019 की इस सूची में 2153 अरबपति हैं, जबकि पिछले साल यह संख्या 2208 थी।

फोर्ब्स की अरबपतियों की सूची में 61 वर्षीय मुकेश अंबानी छह पायदान की छलांग लगाकर 13वें स्थान पर पहुंच गए हैं। पिछले साल 2018 में अरबपतियों की सूची में मुकेश अंबानी की दौलत 40.1 अरब डॉलर (2.83 लाख करोड़ रुपये) थी। यह अब 50 अरब डॉलर (3.52 लाख करोड़ रुपये) हो गई है। उनकी तेल एवं गैस कंपनी का सालाना रेवेन्यू लगभग 60 अरब डॉलर (4.23 लाख करोड़ रुपये) है।

फोर्ब्स की लिस्ट में भारत के 106 अरबपति शामिल हैं। विप्रो चेयरमैन अजीम प्रेमजी 22.6 अरब डॉलर (1.56 लाख करोड़ रुपये) की दौलत के साथ 36वें स्थान पर हैं। टेक्नोलॉजी कंपनी एचसीएल के सह-संस्थापक शिव नाडर दुनिया में 82वें पायदान पर हैं। इसके बाद भारत के अन्य अरबपति आर्सेलर मित्तल के चेयरमैन लक्ष्मी मित्तल 91वें पायदान के साथ टॉप-100 धनकुबेरों में शामिल हैं। आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला 122वें, अदाणी ग्रुप के संस्थापक गौतम अदाणी 167वें और भारती एयरटेल के प्रमुख सुनील मित्तल 244वें स्थान पर हैं।हॉलीवुड की 21 वर्षीय काइली जेनर सबसे युवा अरबपति बन गई हैं। उन्होंने मार्क जकरबर्ग को पीछे छोड़ दिया है, जो 23 साल में अरबपति बने थे। काइली 900 मिलियन डॉलर की कंपनी काइली कॉस्मेटिक्स की मालिक हैं।

इस सूची में पतंजलि आयुर्वेद के सह-संस्थापक आचार्य बालकृष्ण (365वें), पीरामल एंटरप्राइजेज के अध्यक्ष अजय पीरामल (436वें), बायोकॉन की संस्थापक किरण मजूमदार-शॉ (617वें), इंफोसिस के सह-संस्थापक एनआर नारायणमूर्ति (962वें) और आरकॉम के चेयरमैन अनिल अंबानी (1349वें) का नाम शामिल है। फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग तीन स्थान नीचे आए हैं, जबकि न्यूयॉर्क के पूर्व मेयर माइकल ब्लूमबर्ग दो स्थान ऊपर पहुंच गए हैं।

Updated : 6 March 2019 4:56 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top