Home > Lead Story > कोहली और मीराबाई चानू को राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से किया सम्मानित, अवार्ड पाने वाले तीसरे क्रिकेटर

कोहली और मीराबाई चानू को राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से किया सम्मानित, अवार्ड पाने वाले तीसरे क्रिकेटर

कोहली और मीराबाई चानू को राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से किया सम्मानित, अवार्ड पाने वाले तीसरे क्रिकेटर
X

नई दिल्ली/स्वदेश वेब डेस्क। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और भारोत्तोलक मीराबाई चानू को साल 2018 के राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया।

इसी को साथ विराट कोहली यह पुरस्कार पाने वाले तीसरे क्रिकेटर बन गए हैं। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर को साल 1996-97 और महेंद्र सिंह धोनी को साल 2007 में राजीव गांधी खेल रत्न से सम्मानित किया गया था।

मीराबाई चानू भी राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार हासिल करने वाली तीसरी भारोत्तोलक हैं। साल 1994–1995 में कर्णम मल्लेश्वरी और साल 1995-96 में एन कुंजुरानी को राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से नावाजा गया था। कर्णम मल्लेश्वरी राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार हासिल करने वाली पहली महिला खिलाड़ी भी बनी थीं। राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार किसी खेल में खिलाड़ी के चार वर्षों से अधिक शानदार और असाधारण प्रदर्शन के लिए दिया जाता है।

राष्ट्रपति ने इसके अलावा द्रोणाचार्य पुरस्कार और ध्यानचंद पुरस्कार भी प्रदान किये। द्रोणाचार्य पुस्कार कोच को प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में पदक विजेता तैयार करने के लिए दिया जाता है,जबकि ध्यानचंद पुरस्कार खेल के विकास में आजीवन योगदान के लिए दिया जाता है।

राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों की सूची इस प्रकार है।

द्रोणाचार्य पुरस्कार : सुबेदार चेनंदा अचच्चा कुट्टप्पा (मुक्केबाज़ी),विजय शर्मा (भारोत्तोलन),ए श्रीनिवास राव (टेबल टेनिस), सुखदेव सिंह पन्नू (एथलेटिक्स), क्लैरेंस लोबो (हॉकी,लाईफटाइम),तारक सिन्हा (क्रिकेट लाईफटाइम),जीवन कुमार शर्मा (जुडो, लाईफटाइम), वी.आर. बीडु (एथलेटिक्स लाईफटाइम)।

अर्जुन पुरस्कार : नीरज चोपड़ा (एथलेटिक्स), नाइब सूबेदार जीन्सन जॉनसन (एथलेटिक्स), हिमा दास (एथलेटिक्स), नेलाकुर्ती सिक्की रेड्डी (बैडमिंटन), सूबेदार सतीश कुमार (मुक्केबाज़ी),स्मृति मंधाना (क्रिकेट), शुभंकर शर्मा (गोल्फ़), मनप्रीत सिंह (हॉकी), सविता (हॉकी), कर्नल रवि राठौर (पोलो),राही सरनोबत, अंकुर मित्तल, श्रेयसी सिंह (शूटिंग), मनिका बत्रा, जी सथियान (टेबल टेनिस), रोहन बोपन्ना (टेनिस), सुमित (कुश्ती), पूजा कादियान (वुशु), अंकुर धामा (पैरा एथलेटिक्स), मनोज सरकार (पैरा बैडमिंटन)। अर्जुन पुरस्कार चार वर्षों के लिए लगातार असाधारण प्रदर्शन करने के लिए दिया जाता है।

ध्यान चंद पुरस्कार : सत्यदेव प्रसाद (तीरंदाजी), भरत कुमार छेत्री (हॉकी), बॉबी अलॉयसियस (एथलेटिक्स), चौगले दादू दत्तात्रेय (कुश्ती)।

राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार :

उदीयमान और युवा प्रतिभा पहचान और प्रोत्साहन : राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड।

कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से खेल प्रोत्साहन : जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स।

विकास के लिए खेल : ईशा आउटरीच।

मौलाना अबुल कलाम आजाद (एमएकेए) ट्रॉफी 2017-18 : गुरुनानक देव विश्वविद्यालय, अमृतसर।

ज्ञातव्य है कि विराट कोहली को इससे पहले खेल रत्न के लिए दो बार नामित हुए थे, क्योंकि यह विश्व के नंबर एक टेस्ट बल्लेबाजी में पिछले तीन साल से बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। कोहली ने अब तक 71 टेस्ट मैचों में 6147 रन और 211 वनडे में 9779 रन बनाये हैं। चानू को पिछले साल विश्व चैंपियनशिप में 48 किग्रा भारवर्ग में स्वर्ण पदक जीतने के कारण इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिये चुना गया है। उन्होंने इस साल राष्ट्रमंडल खेलों में भी सोने का तमगा जीता था। लेकिन चोट के कारण एशियाई खेलों में भाग नहीं ले पायी थीं।

हम आपको बता दे कि राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार प्राप्त करने वाले खिलाड़ी पदक और प्रशस्ति पत्र के अलावा 7.5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाता है। अर्जुन, द्रोणाचार्य तथा ध्यानचंद पुरस्कार विजेता को लघुप्रतिमाएं, प्रमाण पत्र और पांच लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाता है।




Updated : 27 Sep 2018 4:57 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top