Home > Lead Story > राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुए जेटली, बेटे रोहन ने दी मुखाग्नि

राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुए जेटली, बेटे रोहन ने दी मुखाग्नि

नई दिल्ली। पूर्व वित्तमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली राजनीति, वकालत, खेल और समाजिक जीवन की तमाम यादों को छोड़कर पंचतत्व में विलीन हो गए हैं। निगमबोध घाट पर दोपहर तीन बजे उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया। बेटे रोहन ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू, गृहमंत्री अमित शाह, पार्टी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के अलावा कांग्रेस सहित अन्य दलों के नेता मौजूद थे।

मुखाग्नि से ठीक पहले मौसम तेजी से बदला और जोरदार बारिश होने लगी। जेटली के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए बीजेपी मुख्यालय से निगम बोध घाट फूलों से सजी तोप गाड़ी में ले जाया जाया गया। पूरा माहौल 'जेटली जी अमर रहें' के नारों से गूंज रहा था। पार्टी कार्यकर्ता और शोकाकुल लोग सुबह से ही बीजेपी मुख्यालय के बाहर जेटली को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए कतार में खड़े थे।

निगम बोध घाट की ओर से जाने वाली सड़कों पर जेटली को याद करने वाले पोस्टर लगे हुए थे। 66 वर्षीय जेटली का शनिवार को दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में इलाज के दौरान निधन हो गया था। उन्हें 9 अगस्त को एम्स में भर्ती कराया गया था।

निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को एम्स से दक्षिणी दिल्ली के कैलाश कॉलोनी स्थित उनके आवास में रखा गया था। सुबह उनके पार्थिव शरीर को बीजेपी मुख्यालय लाया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग उनके अंतिम दर्शन करने के लिए पहुंचे।

Updated : 25 Aug 2019 10:09 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top