Home > Lead Story > 'चेन्नई कनेक्ट' ने भारत और चीन के संबंधों को नई ऊर्जा और गति प्रदान की है : पीएम मोदी

'चेन्नई कनेक्ट' ने भारत और चीन के संबंधों को नई ऊर्जा और गति प्रदान की है : पीएम मोदी

चेन्नई कनेक्ट ने भारत और चीन के संबंधों को नई ऊर्जा और गति प्रदान की है : पीएम मोदी
X

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के नेतृत्व में हुई प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की शुरुआत में कहा कि 'वुहान शिखर वार्ता' ने जहां भारत और चीन के संबंधों को नई ऊर्जा और गति प्रदान की है वहीं 'चेन्नई कनेक्ट' ने द्विपक्षीय संबंधों में एक नए अध्याय की शुरुआत की है।

ताज फिशरमैन होटल में चीनी राष्ट्रपति शी से अकेले में वार्तालाप के बाद प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में प्रधानमंत्री ने अपने वक्तव्य की शुरुआत तमिल में 'वणक्कम-एमक्के वरुग्ग विरुन्दे' से की। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु राज्य और ऐतिहासिक शहर चेन्नई सदियों से भारत और चीन के बीच गहरे सांस्कृतिक और व्यापारिक आदान-प्रदान का साक्षी रहा है। उन्हें खुशी है कि इस सांस्कृतिक धरोहर के कुछ सर्वोत्कृष्ट उदाहरणों से आपको परिचित कराने का हमें गौरव मिला।

मोदी ने कहा कि पिछले साल वुहान में हुई शिखर वार्ता द्विपक्षीय संबंधों में नई ऊर्जा लाने में सक्षम रही है। इसके चलते दोनों देशों में रणनीतिक संवाद बड़ा है। दोनों देशों ने अपने मतभेदों को इस तरह से संभाला है कि इन्हें विवाद बनने का मौका नहीं मिला है। दोनों देशों ने आपस में एक दूसरे की चिंताओं के प्रति संवेदनशील होने का फैसला किया है। दोनों देशों के संबंध दुनिया में शांति व स्थिरता लाने में सहयोग करेंगे। ये सभी हमारी बड़ी उपलब्धियां हैं। इनसे हमें भविष्य में और अधिक प्रयास करने की प्रेरणा मिलती है। चेन्नई शिखरवार्ता में अबतक हमारे बीच द्विपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर महत्वपूर्ण विचार विनिमय हुआ है।

मोदी ने कहा कि पिछले दो हज़ार सालों के अधिकांश कालखंड में भारत और चीन दुनिया की प्रमुख आर्थिक शक्तियां रही हैं। अब इस शताब्दी में हम फिर से साथ-साथ उस स्थिति को प्राप्त कर रहे हैं।

राष्ट्रपति शी ने अपने वक्तव्य महाबलीपुरम शिखर वार्ता को आपस में जोड़ने वाला संवाद बताया। उन्होंने कहा कि वह भारत की ओर से किए गए स्वागत से काफी प्रसन्न हैं। उनके साथियों ने भी इसका अनुभव किया है। यह हमारे लिए एक अविस्मरणीय अनुभव है।

प्रतिनिधिमंडल स्तर वार्ता में भारत की ओर से राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश मंत्री एस जयशंकर और विदेश सचिव विजय गोखले व अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Updated : 12 Oct 2019 7:30 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top