Home > Lead Story > असम : NRC में सभी भारतीयों का नाम निश्चित तौर पर होगा शामिल- मोदी

असम : NRC में सभी भारतीयों का नाम निश्चित तौर पर होगा शामिल- मोदी

असम : NRC में सभी भारतीयों का नाम निश्चित तौर पर होगा शामिल- मोदी
X

सिलचर। राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) में किसी भी भारतीय का नाम शामिल होने से नहीं छूटेगा। निश्चित तौर पर सभी भारतीयों का नाम इसमें शामिल होगा। अगर आपको मेरी बात पर भरोसा है तो यह निश्चित रूप में होकर रहेगा। कुछ इस अंदाज में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असम में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बराक घाटी के कछार जिला मुख्यालय सिलचर शहर के रामनगर में शुक्रवार को विजय संकल्प जनसभा को संबोधित करते हुए कही।

प्रधानमंत्री ने असम में लोकसभा-2019 के चुनाव का शंखनाद करते हुए लाखों की भीड़ का आभार जताते हुए कहा कि इतनी बड़ी तादाद में लोगों की उपस्थिति हमें आशीर्वाद देने के लिए आई है, इसके लिए हम सभी का आभार व्यक्त करते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा और एनडीए की हमारी सरकार को यहां की जनता निरंतर प्रोत्साहित करती रही है। उसी का परिणाम है कि पंचायत चुनाव में असम में भाजपा व उसके सहयोगियों को भरपूर सहयोग मिला है। जिला परिषद में भाजपा कुछ भी नहीं थी, लेकिन इस बार के चुनावों में हमारी अच्छी जीत हुई है। पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक बराक व असम की जनता ने जो विश्वास जताया है, उसके लिए मैं हृदय से सभी का आभार व्यक्त करता हूं। यह आपका हमारे ऊपर स्नेह है। मैं इस स्नेह रूपी कर्ज को विकास के रूप में तब्दील कर निश्चित तौर पर चुकाऊंगा।

इस दौरान मोदी-मोदी के जोरदार नारों के चलते कई बार प्रधानमंत्री मोदी को अपने भाषण को रोकना पड़ा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मुझे मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने बताया है कि राज्य में सरकार बनने के बाद मेरा यहां 16 बार आना हुआ है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह का बिना नाम लिए कहा कि यहां से प्रधानमंत्री चुने जाने के बाद वे कभी नहीं आए।

मोदी ने कहा कि देश की सुरक्षा में असम का महत्वपूर्ण योगदान है। यहां की जनता का यह प्रयास आने वाली पीढ़ियां गौरव के साथ इसे याद करेंगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि असम से निकलने वाला संदेश पूरे देश में जाएगा। यह संदेश अपने नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान को सर्वोपरि मानने वाला होगा। प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाते हुए कहा कि राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) में सभी भारतीयों का नाम निश्चित तौर पर शामिल किया जाएगा। यह मुझे भलीभांति पता है कि एनआरसी के दौरान अनेक लोगों को दिक्कतें और कठिनाइयां आईं। इसको दूर करने के लिए हमारी सरकार ने सभी आवश्यक कदम उठाए। दशकों से लटका यह काम पूरा हो रहा है। यह जनता के विश्वास की बदौलत ही सफल हुआ है। इसके लिए असम की सरकार को विशेष रूप से बधाई देता हूं।

Updated : 27 Feb 2019 9:16 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top