Home > Lead Story > दर्दनाक हादसा : गुजरात के बनासकांठा में बस पलटने से 21 की मौत, 30 घायल

दर्दनाक हादसा : गुजरात के बनासकांठा में बस पलटने से 21 की मौत, 30 घायल

प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और गुजरात के मुख्यमंत्री ने हादसे पर दुख जताया

दर्दनाक हादसा : गुजरात के बनासकांठा में बस पलटने से 21 की मौत, 30 घायल
X

अहमदाबाद/पालनपुर। गुजरात के बनासकांठा इलाके में अंबाजी तीर्थस्थल के निकट त्रिशूलिया घाट के पास एक निजी बस सोमवार शाम दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई। इस भीषण हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई और 30 से अधिक लोग घायल हो गए। ये सभी तीर्थ यात्री जो दर्शन कर के लौट रहे थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राज्य के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

हादसा अंबाती से दांता के बीच हाइवे पर आज शाम करीब 4 बजे हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश में सड़क पर फिसलन होने की वजह से यह हादसा हुआ। त्रिशूलिया घाट के पास मोड़ काटने के बाद निजी लक्जरी बस पलट गई। देखते ही देखते कम से कम 21 यात्रियों की मौत हो गई और 30 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। कई घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। बनासकांठा के एसपी अजित रायजन ने 21 लोगों की मौत की पुष्टि की है।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया गया। पुलिस के पहुंचने के बाद घायलों को इलाज के लिए 108 की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया। हादसा इतना भयानक था कि हाइवे पर एक तरफ लाशें थीं और दूसरी तरफ बारिश के मौसम में सड़क पर खून बिखरा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।

इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने कहा, "बनासकांठा से दुखद खबर आई है। मुझे इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों के लिए बहुत दुख है। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं मृतकों के परिवार के साथ हैं। क्षेत्रीय प्रशासन घायलों को इलाज और सुविधाएं पहुंचा रहा है। वे जल्द ठीक हों।"

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट किया, "बनासकांठा में एक बस दुर्घटना हुई है। इससे गहरा दुख और पीड़ा पहुंची है।"

उन्होंने आगे ट्वीट किया, "राज्य प्रशासन से बात की है, वह जरूरतमंदों की हरसंभव मदद में जुटे हुए हैं। मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर घायलों को जल्द से जल्द ठीक करे।"

राज्य के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने बनासकांठा में हुए हादसे पर दुख जताया है। रूपाणी ने लिखा,"त्रिशूलिया घाट के पास हुई सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि की खबर से दुखी हूं। प्रशासन को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दे दिए गए हैं। प्रार्थना करता हूं कि जो इस हादसे में जख्मी हुए हैं, वह जल्द से जल्द स्वस्थ हों। मैं मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।"

Updated : 2 Oct 2019 12:00 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top