Home > Lead Story > अहमदाबाद, आगरा के बाद दिल्ली पहुंचे ट्रंप

अहमदाबाद, आगरा के बाद दिल्ली पहुंचे ट्रंप

आगरा। दो दिवसीय भारत दौरे पर सोमवार को पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आगरा में स्थित ताजमहल का दीदार किया। इस दौरान ट्रंप के साथ उनकी पत्नी मेलानिया और बेटी इंवाका भी मौजूद थीं। डोनाल्ड ट्रंप ने ताजमहल की विजिटर बुक में संदेश भी लिखा। राष्ट्रपति ट्रंप का स्वागत करने के लिए एयरपोर्ट पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। डोनाल्ड ट्रंप अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम में लोगों को संबोधित करने के बाद आगरा पहुंचे हैं। संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि आज मोटेरा स्टेडियम में एक नया इतिहास बन रहा है, आज हम इतिहास को दोहराते हुए भी देख रहे हैं। ट्रंप ने नमस्ते के साथ अपना भाषण शुरू किया और कहा कि भारत की विवधता अभूतपूर्व है।

सुबह ट्रंप अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंचे, जहां पर पीएम मोदी ने प्रोटोकॉल तोड़कर उन्हें गले लगाकर स्वागत किया। उनके साथ फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप, बेटी इवांका, दामाद जे. कुशनेर और अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रॉबर्ट ओब्रायन, वाणिज्य मंत्री विलबर रॉस, ऊर्जा मंत्री डैन ब्रोइलेट समेत अन्य उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य हैं।

अहमदाबाद एयरपोर्ट से निकलने के बाद राष्ट्रपति ट्रंप और पीएम मोदी रोड शो करते हुए 22 किलोमीटर का सफर तय कर साबरमती आश्रम पहुंचे। वहां पर ट्रंप ने और मेलानिया ने करीब 10 मिनट का वक्त बिताया। इस दौरान उन्होंने चरखा चलाकर सूत काटने की कोशिश की। ट्रंप ने दो मिनट तक चरखा चलाने का प्रयास किया, विजीटर बुक में ट्रंप दंपति ने अपने विचार लिखे। पीएम मोदी ने गांधी जी के तीन बंदर की मूर्ति दिखाकर उन्हें इसका महत्व बताया। उसके बाद वे मोटेरा में 'नमस्ते ट्रंप' कार्यक्रम के लिए निकल गए।

ट्रंप से पहले, अमेरिका के जिन राष्ट्रपतियों ने आगरा का दौरा किया उनमें बिल क्लिंटन और ड्वाइट डी. आइजनहावर शामिल हैं। क्लिंटन ने मार्च 2000 में और आइजनहावर ने 1959 में आगरा का दौरा किया था। अमेरिका के प्रथम परिवार की यात्रा के मद्देनजर शहर को बड़े पैमाने पर नया रूप मिला है।

प्रशासन ने अमेरिकी राष्ट्रपति और उनकी पत्नी मेलानिया का स्वागत करते हुए विशाल होडिंर्ग, तख्तियां, कटआउट और कई पोस्टर लगाए हैं। हवाईअड्डे से ताजमहल तक के 13 किलोमीटर लंबे मार्ग को सजाया गया है। मार्ग में कई स्थानों पर, प्रशासन ने फूलों से जानवरों की कई मूर्तियां बनाई हैं।

आगरा की बृज संस्कृति और स्थापत्य विरासत को दशाने वाली चित्रकारी से दीवारों को सजाया गया है, विक्टोरियन शैली के लैंप पोस्ट लगाए गए हैं और ऐतिहासिक ताजमहल के लॉन रंगीन फूलों के साथ सजे हुए हैं क्योंकि ऐतिहासिक शहर अमेरिकी राष्ट्रपति का स्वागत करने के लिए तैयार है।

प्रशासन के अनुसार, 21 अलग-अलग स्थानों पर 3000 से अधिक कलाकार अमेरिकी राष्ट्रपति के लिए प्रेम के शहर में प्रस्तुति देंगे। हवाईअड्डे पर 250 से अधिक कलाकार उत्तर प्रदेश की संस्कृति पर प्रकाश डालते हुए विशेष प्रस्तुति देंगे जैसे बृज, अवध, भगवान कृष्ण-राधा और अन्य थीम पर नृत्य करेंगे।

अमेरिकी राष्ट्रपति आगरा में शाम 4:45 बजे पहुंचेंगे और शाम 5:15 बजे ताजमहल पहुंचेंगे। ट्रंप तब ताजमहल में एक घंटा बिताएंगे और फिर विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

Updated : 24 Feb 2020 4:16 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top