Home > विदेश > प्रधानमंत्री मोदी ने जापान के शिंजो आबे के साथ की ट्रेन यात्रा

प्रधानमंत्री मोदी ने जापान के शिंजो आबे के साथ की ट्रेन यात्रा

प्रधानमंत्री मोदी ने जापान के शिंजो आबे के साथ की ट्रेन यात्रा
X

टोकियो/ नई दिल्ली। अपनी जापान की आधिकारिक यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जापान के प्रधानमंत्री शिजों आबे के साथ जापान में ट्रेन में सफर किया। दोनों प्रधानमंत्री जापान के यामानाशी से टोकियो तक ट्रेन में गए। दोनों ने जापान की एक्सप्रेस ट्रेन काईजी में सफर किया। जापान, भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण में सहयोगी है। साथ ही मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड ट्रेन परियोजना में तकनीकी, वित्तीय सहित तमाम सहयोग कर रहा है।

अपनी जापान यात्रा के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे की मुलाकात हुई। दोनों नेता जापानी प्रधानमंत्री के व्यक्तिगत आवास में मिले, जो जापान के यामानाशी की क्वागुची झील के किनारे बना है। यहां से जापान की राजधानी टोकियो तक दोनों प्रधानमंत्रियों ने ट्रेन में सफर किया। भारतीय प्रधानमंत्री पहले ऐसे विदेशी नेता है, जिन्हें शिंजो आबे अपने इस व्यक्तिगत आवास पर ले गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी की दो दिवसीय यात्रा 28 अक्टूबर से शुरू हुई है, जो 29 अक्टूबर तक चलेगी।

अपनी इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी जापान के साथ बहुत से मुद्दों पर बात करेंगे, जिसमें भारत-जापान के बीच कई क्षेत्रों में सहयोग शामिल है। खासकर प्रधानमंत्री मोदी की महत्वाकांक्षी बुलेट ट्रेन परियोजना, भारत के उत्तर-पूर्व के विकास में जापान का योगदान, भारत-जापान के बीच लोगों का लोगों से संवाद बेहतर करना, आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में जापान की तकनीकी मदद जैसे विषय शामिल होंगे। प्रधानमंत्री की इस यात्रा के दौरान भारत-जापान के बीच इस बात पर भी बात होगी कि कैसे भारत जापान को अपने यहां के विकास प्रक्रिया में एक सहयोगी देश के रूप में शामिल करे। इसमें भारत सरकार की योजनाएं जैसे स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया में जापान का सहयोग भी शामिल होगा।

इसके अलावा जापान के सहयोग से देश में चल रही परियोजनाओं पर भी बात होगी, जिसमें दिल्ली मुंबई फ्रेट कॉरिडोर, भारत के कई शहरों में चल रही मेट्रो रेल परियोजनाएं, मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड रेल परियोजना प्रमुख हैं। इसमें भारत की ओर से कोशिश होगी कि भारत को मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड रेल परियोजना के लिए लोन की दूसरी किस्त मिले, जिससे इस परियोजना को भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर पूरा किया जा सके। इसी तरह डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को लेकर भी बात होगी, जो 50 हजार करोड़ की परियोजना है, जिसमें जापान 38 हजार करोड़ की मदद कर रहा है।

जापान भारत की आर्थिक प्रगति को लेकर प्रतिबद्ध : आबे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जापानी समकक्ष शिंजो आबे से रविवार को मुलाकात की। वह आबे के साथ शिखर बैठक में भाग लेने कोे लिए शनिवार को टोक्यो पहुंचे और आज शिंजो आबे से होटल माउंट फुजी में गर्मजोशी से मिले।

जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने कहा कि मोदी उनके विश्वासी मित्रों में से एक हैं। उन्होंने आगे कहा कि वह मुक्त और खुले भारत प्रशांत क्षेत्र को महसूस करने के लिए द्विपक्षीय संबंधों की मजबूती की दिशा में सहयोग बढ़ाएंगे।

आबे ने यह भी कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक शक्ति के रूप में क्षेत्र और वैश्विक समृद्धि को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी एक महान देश के उत्कृष्ट नेता हैं।

जापानी प्रधानमंत्री ने कहा, " मैं हमेशा मानता हूं और कहता हूं कि जापान और भारत के बीच संबंधों की आपार संभावनाएं हैं। सुरक्षा, निवेश, सूचना, प्रौद्योगिकी, कृषि, स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं पर्यटन जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के सहयोग लगातार बढ़ रहे हैं। "

आबे ने आगे कहा, " जापान भारत की आर्थिक प्रगति और हाईस्पीड ट्रेन, आधारभूत संरचना और विश्व में अग्रिम पंक्ति की प्रौद्योगिकी के जरिए प्रधानमंत्री मोदी की 'मेक इन इंडिया' पहल का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध है।"

विदित हो कि शनिवार को जब मोदी टोक्यो पहुंचे तो भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। टोक्यो पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जापानी समकक्ष शिंजो आबे के साथ उनकी बैठक दोनों देशों के मजबूत रिश्तों में एक नया अध्याय जोड़ेगी। साल 2014 के बाद सम्मेलन के लिए मोदी की यह तीसरी यात्रा है।

Updated : 28 Oct 2018 6:15 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top