Home > विदेश > विदेशी जेलों में कैद हैं 8 हजार से अधिक भारतीय

विदेशी जेलों में कैद हैं 8 हजार से अधिक भारतीय

सऊदी अरब की जेलों में दो हजार से अधिक भारतीय कैद

विदेशी जेलों में कैद हैं 8 हजार से अधिक भारतीय
X

नई दिल्ली। विदेश मंत्रालय के पास उपलब्ध सूचना के अनुसार मौजूदा समय में 8445 भारतीय नागरिक विदेशी जेलों में बंद हैं। सबसे अधिक सऊदी अरब की जेलों में दो हजार से अधिक भारतीय कैद हैं। यह जानकारी विदेश राज्यमंत्री वी.के. सिंह ने राज्यसभा में एक प्रश्न के उत्तर में दी।

विदेश राज्यमंत्री वी.के. सिंह ने बताया कि विदेशी जेलों में भारतीय नागरिकों की संख्या अस्थिर रहती है और बदलती रहती है। उन्होंने बताया कि भारतीय मिशनों अथवा केंद्रों के माध्यम से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में 68 देशों में भारतीय नागरिक कैद हैं। उन्होंने बताया कि सबसे अधिक सऊदी अरब में 2224, संयुक्त अरब अमीरात में 1606, नेपाल में 1065, पाकिस्तान में 549, मलेशिया में 497, कुवैत में 483, यूनाइटेड किंगडम में 267, चीन में 234, इटली में 230, सिंगापुर में 117, कतर में 212, बहरीन में 121, अमेरिका में 88, अमेरिका में 88, आस्ट्रेलिया में 71, श्रीलंका में 66, भूटान में 66, ओमान में 59, म्यांमार में 56, जर्मनी में 51, थाईलैंड में 43, स्पेन में 41 और बांग्लादेश में 40 भारतीय नागरिक बंद हैं। इसके अलावा फ्रांस में 33, यूनान में 27, जॉर्डन में 26, इंडोनेशिया में 22, बेल्जियम में 22, न्यूजीलैंड में 13, मालदीव में 12 और आर्मीनिया में 10 भारतीय बंद हैं। इसके अलावा शेष देशों में कैद भारतीय नागरिकों का आंकड़ा एक से लेकर 10 के बीच है।

सिंह ने बताया कि विदेशों में हमारे मिशन व केंद्र वहां जेलों में बंद भारतीय नागरिकों को हर संभव सहायता और सहयोग प्रदान करते हैं। इनमें वे मामले भी शामिल हैं जब उन्हें स्थानीय पुलिस अथवा आप्रवासन प्राधिकारियों द्वारा रोक कर रखा जाता है अथवा स्थानीय कानूनों के उल्लंघन के लिए जेल में डाल दिया जाता है। ऐसे व्यक्तियों की राष्ट्रीयता की पुष्टि होने के बाद हमारे मिशन और केंद्र हरसंभव कानूनी सेवाएं प्रदान करते हैं और उन्हें आवश्यक यात्रा दस्तावेज जारी करके उनकी भारत वापसी को भी आसान बनाते हैं।

Updated : 29 Dec 2018 9:05 AM GMT
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top