दहन हुआ, धुलेड़ी आज

दहन हुआ, धुलेड़ी आज
X

रंगो के त्योहार होली महोत्सव के तहत शुभ मुर्हूत में धूमधाम से हुआ होलिका दहन, आज खिलेगा रंग

गुना/निज प्रतिनिधि। रंगो का त्योहार होली महोत्सव बुधवार से शुरु हो गया है। बुधवार को होलिका दहन शुभ मुर्हुत में धूमधाम से किया गया। इस मौके पर शहर में 300 तो जिले भर में हजारों स्थानों पर होली जलाई गई। दहन रात में हुआ और इससे पहले दिन भर इसको लेकर तैयारियों का दौर चलता रहा। दहन स्थल को दुल्हन की तरह सजाया गया था। पतंगें बांधी गईं थीं तो रंगोली भी सजाई थी। दहन से पहले श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही युवा होली त्योहार से संबंधित गीतों पर देर रात तक नाचते-गाते रहे। इस दौरान जमकर धमाल और मस्ती देखने को मिली।

पर्व को लेकर जबर्रदस्त उत्साह


अब कल 21 मार्च को धुलेड़ी की धूम देखने को मिलेगी। इस दौरान सुबह से ही रंग खिलना शुरु हो जाएगा, जो देर रात तक चलता रहेगा। शहर की सडक़ों पर जगह-जगह हुरियारों की टोली लाल, पीले, नीले, केसरिया रंग से पुते चेहरों के साथ बुरा न मानो होली है का जयघोष करते हुए निकलती देखने को मिलेगी। वातावरण में रंग-गुलाल उड़ता रहेगा। इसके साथ ही गली-मोहल्लों में महिलाएं और युवतियां होली का धमाल मचाएगी। पर्व को लेकर जिले भर में जबर्रदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। बुधवार को बाजार में भीड़ भी इसके चलते देखने को मिली। रंगों के साथ ही पिचकारियों की भी जोरदार खरीददारी की गई।

श्री चित्रगुप्त मंदिर पर परंपरानुसार मनेगी होली

होलरी के मौके पर कल 21 मार्च को श्री चित्रगुप्त मंदिर पर परंपरानुसार होली महोत्सव मनाया जाएगा। मंदिर समिति के मुताबिक कल सुबह 8.30 बजे स्वजाति बंधु मंदिर में एकत्रित होकर एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं देंगे। इसके बाद अगले दिन 22 मार्च दौज को शाम 5 बजे से मंदिर पर भगवान श्री चित्रगुप्त की पूजा अर्चना की जाएगी। इस मौके पर कथा भी आयोजित की गई है। आयोजन में भाग लेने का आग्रह किया गया है।

नगर पालिका आज दोनों समय देगी पानी

होली के अवसर पर नगर पालिका कल दोनों समय शहर में जलापूर्ति करेगी। नपाध्यक्ष राजेन्द्र सलूजा ने बताया कि होली का त्योहार रंगों का त्योहार है, हरेक के जीवन में रंग भरे होने चाहिए। त्योहार पर पानी की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। जहां नल है, वहां दोनों समय नलों में पानी आएगा और जहां पाइप लाइन नहीं है, वहां टैकरों से पानी पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही नपाध्यक्ष ने सफाई कर्मचारियों को भी दिशा निर्देश दिए गए है कि वह शहर की सफाई व्यवस्था चौकस बनाए रखे। श्री सलूजा ने कहा कि इसके साथ ही रंगपंचमी पर दमकल के साथ खुद नपा लोगों के साथ होली खेलेगी। रंगों के फुव्वारे शहरवासियों पर छोड़े जाएंगे और धूमधाम से पंचमी मनाई जाएगी।

वृद्धाश्रम में मनेगा पर्व

वरदान सेवा समिति द्वारा इस वर्ष भी होली पर्व नानाखेड़ी स्थित अपना घर आश्रम में बुर्जुगजन के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा। इस पर्व पर खूब रंग गुलाल उड़ेगा। भजन मंडली द्वारा होली के गीत गाए जाएंगे। सभी बुजुर्ग को समिति द्वारा भोजन कराया जाएगा। समिति के प्रमोद भार्गव ने बताया कि होली उत्सव में समिति के कई युवा सदस्य भाग लेंगे।

Updated : 20 March 2019 4:38 PM GMT
author-thhumb

Naveen Savita

Swadesh Contributors help bring you the latest news and articles around you.


Next Story
Top