Home > मनोरंजन > राष्ट्रीय फिल्म अवार्ड्स : विक्की, आयुष्मान ने जीता सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और कीर्ति सुरेश को मिला सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार

राष्ट्रीय फिल्म अवार्ड्स : विक्की, आयुष्मान ने जीता सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और कीर्ति सुरेश को मिला सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार

राष्ट्रीय फिल्म अवार्ड्स : विक्की, आयुष्मान ने जीता सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और कीर्ति सुरेश को मिला सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार
X

मुंबई। उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने सोमवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में 66वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार के विजेताओं को सम्मानित किया। परंपरागत रूप से विजेताओं को भारत के राष्ट्रपति द्वारा सम्मान दिया जाता है। हालांकि इस बार राष्ट्रपति विजेताओं के लिए चाय की मेजबानी करेंगे। इस समारोह में केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर भी मौजूद थे। पुरस्कार समारोह की मेजबानी अभिनेत्री दिव्या दत्ता और सोनाली कुलकर्णी ने किया। कार्यक्रम में मनोरंजन जगत से साउथ स्टार कीर्ति सुरेश, बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार, विक्की कौशल, आयुष्मान खुराना, संजय लीला भंसाली सहित अन्य लोगों ने भाग लिया। हालांकि दादा साहब फाल्के पुरस्कार विजेता अमिताभ बच्चन 66 वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में शामिल नहीं हुए हैं। उन्होंने रविवार को ट्विटर पर प्रशंसकों को सूचित किया था कि वह 'बुखार से पीड़ित' हैं। फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार ने सर्वश्रेष्ठ सामाजिक फिल्म 'पैडमैन' के लिए पुरस्कार प्राप्त किया। दमदार अभिनय के लिए अभिनेता विक्की कौशल को 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' और आयुष्मान खुराना को 'अंधाधुन' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला। सुरेखा सीकरी को फिल्म 'बधाई हो' के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार मिला, वहीं दक्षिण भारतीय अभिनेत्री कीर्ति सुरेश 'महानती' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला।

फीचर फिल्म्स सेक्शन से निर्देशक श्रीराम राघवन को 'अंधाधुन' के लिए सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म का पुरस्कार दिया गया। फिल्म 'बधाई हो' को पूर्ण मनोरंजन के लिए सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म का पुरस्कार मिला।सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफी का पुरस्कार कृति महेश मिद्या और ज्योति तोमर को फिल्म 'पद्मावत' के गीत घूमर के लिए मिला है। संजय लीला भंसाली को 'पद्मावत' के लिए सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशन का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। फिल्म 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' के लिए शशवत सचदेव को सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशन (पृष्ठभूमि संगीत) का राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया। सर्वश्रेष्ठ एक्शन डायरेक्शन अवार्ड (स्टंट कोरियोग्राफी) कन्नड़ फिल्म 'केजीएफ' के लिए विक्रम मोरे को मिला है।

बाल कलाकारों की कैटेगरी में इस बार मास्टर रोहित, मास्टर समीप सिंह रनौत, मास्टर ताल्हा अरशद और मास्टर श्रीनिवास को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में संजय लीला भंसाली, कीर्ति सुरेश, आयुष्मान खुराना, विक्की कौशल और अक्षय कुमार एक साथ बैठे नजर आए।

Updated : 23 Dec 2019 3:39 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top