Home > मनोरंजन > बर्थडे स्पेशल : 68वां जन्मदिन मना रहे हैं ऋषि कपूर

बर्थडे स्पेशल : 68वां जन्मदिन मना रहे हैं ऋषि कपूर

बर्थडे स्पेशल : 68वां जन्मदिन मना रहे हैं ऋषि कपूर
X

मुंबई। 'चिंटू' के नाम से मशहूर अभिनेता ऋषि कपूर आज अपना 68वां जन्मदिन मना रहे हैं। ऋषि कपूर का जन्म 4 सितम्बर 1952 को मुंबई में हुआ था। ऋषि कपूर फिल्म निर्देशक और अभिनेता राजकपूर के बेटे हैं। ऋषि कपूर की प्रारंभिक पढाई मुंबई के ही कैंपियन स्कूल में हुई। इसके बाद उन्होंने आगे की पढाई मेयो कॉलेज अजमेर से पूरी की। ऋषि कपूर फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखते थे। जिसके कारण उनकी रुचि शुरू से ही फिल्मों में रही। अपने पिता के नक्शे कदम पर चलते हुए उन्होंने भी फिल्मों में अभिनय करने को अपना करियर चुना।

ऋषि कपूर ने बॉलीवुड में अपने अभिनय की शुरुआत 1970 में आई फिल्म 'मेरा नाम जोकर' से की। इस फिल्म में उन्होंने राज कपूर के बचपन का किरदार निभाया था। इसके बाद 1973 में आई फिल्म 'बॉबी' से ऋषि ने बतौर एक्टर अपने अभिनय की शुरुआत की। इस फिल्म में डिम्पल कपाड़िया उनके अपोजिट थी। इस फिल्म में उनके अभिनय के लिए उन्हें फिल्मफेयर का सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके बाद ऋषि की फिल्म आई 'जहरीला इंसान'। इस फिल्म में उनके साथ मुख्य भूमिका में नीतू सिंह नजर आई। दोनों की मुलाकात इसी फिल्म के सेट पर हुई। शूटिंग के दौरान ऋषि अक्सर नीतू को छेड़ते रहते थे जिससे वह अक्सर नाराज हो जाया करती थी। धीरे धीरे उनकी तकरार दोस्ती में बदल गई। हालांकि यह फिल्म फ्लॉप रही। लेकिन इस फिल्म ने ऋषि और नीतू के दिलों को मिला दिया था। इस फिल्म के बाद दोनों को एक दूसरे से प्यार हो गया और 1980 में दोनों ने शादी कर ली। ऋषि कपूर ने अपनी ज्यादातर फिल्मों में रोमांटिक हीरो का किरदार निभाया हैं। जिसे दर्शकों ने बहुत पसंद किया। लेकिन 2012 में ऋषि कपूर और ऋतिक रोशन अभिनीत एक फिल्म आई 'अग्निपथ' । इस फिल्म में ऋषि के दमदार खलनायक के किरदार ने सबको हैरान कर दिया। फिल्म में ऋषि कपूर की खलनायक वाली भूमिका को भी दर्शकों ने काफी पसंद किया। इस फिल्म में खलनायक की भूमिका के लिए ऋषि को आइफा के बेस्ट निगेटिव रोल का पुरस्कार मिला।

ऋषि कपूर ने बॉलीवुड में कई हिट फिल्में दी हैं। जिनमे अमर अकबर एंथोनी, सरगम, नसीब, प्रेमरोग, कुली, चांदनी, हिना, अग्निपथ, कपूर एंड सन्स, मुल्क आदि में शानदार अभिनय किया हैं। ऋषि ने अभिनय कि दुनिया में अपना लोहा मनवाने के बाद 1998 में आई फिल्म 'आ अब लौट चलें ' का निर्देशन किया। ऋषि को 2008 में फिल्फेयर लाइव टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। ऋषि कपूर अब भी फिल्मों में सक्रिय हैं,लेकिन बीते दिनों वह कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। जिसका इलाज वह न्यूयार्क में करा रहे थे और अब वह ठीक हो गए हैं। ऋषि कपूर सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। उन्होंने कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर अपने फैंस को अपनी कुशलता बताते हुए कहा था कि वह जल्द ही भारत लौटेंगे। ऋषि कपूर के फैंस उनके भारत लौटने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

Updated : 4 Sep 2019 9:20 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top