Home > देश > पेजावर मठ के प्रमुख श्रीश्री विश्वेश तीर्थ स्वामी जी का निधन

पेजावर मठ के प्रमुख श्रीश्री विश्वेश तीर्थ स्वामी जी का निधन

पेजावर मठ के प्रमुख श्रीश्री विश्वेश तीर्थ स्वामी जी का निधन
X

बेंगलुरू। पेजावर मठ के प्रमुख श्रीश्री विश्वेश तीर्थ स्वामी जी (88) का रविवार सुबह मठ में निधन हो गया। वह काफी समय से बीमार थे। मणिपाल के कस्तूरबा अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था लेकिन मठ के अधिकारी स्वामी जी की इच्छा के अनुसार रविवार को उन्हें अस्पताल से मठ ले आए थे। स्वामी जी के कनिष्ठ विश्वप्रसन्ना तीर्थ स्वामीजी के अनुसार मठ में भी वह जीवन रक्षक प्रणाली पर थे। पेजावर मठ उडुपी के 'अष्ट' मठों में से एक है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा और पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने स्वामीजी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

स्वामीजी को सांस लेने में तकलीफ होने पर पिछले सप्ताह मणिपाल के कस्तूरबा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के अनुसार अस्पताल में स्वामी जी का निमोनिया का इलाज चल रहा था लेकिन स्थिति अत्यंत गंभीर होने पर रविवार की रात उनकी इच्छा के अनुसार मठ में स्थानांतरित किया गया और वहां जीवन रक्षक प्रणाली के उपकरणों की पूरी व्यवस्था की गई थी। डॉक्टरों ने उनका जीवन बचाने का पूरा प्रयास किया लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ और आज सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। तटीय क्षेत्र का दौरा कर रहे मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा स्वामी जी को देखने रविवार को अस्पताल गए थे। मुख्यमंत्री आज उडुपी में ही हैं। वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती स्वामी जी की शिष्या हैं। वह भी आज सुबह मठ पहुंच गईं। उमा भारती करीब एक सप्ताह से उडुपी में ही हैं। उमा ने 1992 में स्वामी जी से संन्यास दीक्षा ली थी।

स्वामी जी का पार्थिव शरीर लोगों के अंतिम दर्शन के लिए दो घंटे तक उडुपी के 'अज्जर काडू' मैदान में रखा जाएगा। उसके बाद पार्थिव शरीर को हेलीकॉप्टर द्वारा बेंगलुरु ले जाया जाएगा। बेंगलुरू में नेशनल कालेज में उनका पार्थिव शरीर लोगों के दर्शनार्थ रखा जाएगा। रविवार शाम को पूर्ण प्रज्ञा विद्यापीठ परिसर में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Updated : 29 Dec 2019 8:00 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Amit Senger

Swadesh Digital contributor help bring you the latest article around you


Next Story
Top