Home > देश > पाक सेना के दो जवान मारे गए, एक चौकी भी तबाह

पाक सेना के दो जवान मारे गए, एक चौकी भी तबाह

- सीमापार से एक दिन में दो बार सीजफायर उल्लंघन - पाकिस्तान ने केजी सेक्टर के बाद कृष्णा घाटी सेक्टर में भी की गोलीबारी

पाक सेना के दो जवान मारे गए, एक चौकी भी तबाह
X

पुंछ। पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है जिसके चलते वह लगभग हर रोज जम्मू-कश्मीर की नियंत्रण रेखा तथा अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गोलीबारी कर रहा है। इसी कड़ी में पाकिस्तान ने शुक्रवार को एक ही दिन में दो बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है। पाकिस्तान ने सबसे पहले शुक्रवार तड़के पुंछ जिले के मेंढर की नियंत्रण रेखा पर बसे केजी सेक्टर में भारी गोलीबारी की। इस गोलीबारी में सेना का एक जवान शहीद हो गया। भारतीय जवानों ने भी पाकिस्तानी गोलीबारी का करारा जवाब दिया। सूत्रों के अनुसार भारत की जवाबी कार्यवाही में पाकिस्तानी सेना के दो जवान मारे गए हैं और उनकी एक चौकी भी तबाह हो गई है। इसके बाद शुक्रवार को ही दोपहर में पाकिस्तान ने मेंढर उपजिला की नियंत्रण रेखा पर स्थित केजी सेक्टर में गोलीबारी शुरू कर दी है जिसका भारतीय जवान मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं।

मेंढर की नियंत्रण रेखा के करीब बसे कृष्णा घाटी सेक्टर की अग्रिम चौकियों तथा रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर पाकिस्तानी सेना ने शुक्रवार तड़के रात लगभग 2 बजकर 30 मिनट पर गोलीबारी की। इस दौरान पाकिस्तानी सेना ने मोर्टार के गोले भी दागे। पाकिस्तानी गोलीबारी में सेना का एक जवान गम्भीर रूप से घायल हो गया। घायल जवान को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उपचार के दौरान जवान शहीद हो गया। भारतीय जवानों ने भी पाकिस्तानी गोलीबारी का करारा जवाब दिया। सूत्रों के अनुसार भारत द्वारा की गई जवाबी कार्यवाही में पाकिस्तानी सेना के दो जवान मारे गए हैं और उनकी एक चौकी भी तबाह हो गई है।

अभी गोलीबारी थमे कुछ ही घंटे हुए थे कि पाकिस्तान ने एक बार फिर दोपहर होने से कुछ देर पहले 11 बजकर 45 मिनट पर कृष्णा घाटी सेक्टर को निशाना बनाना शुरू कर दिया। पाकिस्तान रिहायशी इलाकों तथा भारतीय चौकियों को निशाना बना रहा है। भारतीय जवान भी पाकिस्तानी गोलीबारी का माकूल जवाब दे रहे हैं। दो दिन पहले ही पाकिस्तानी सेना ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर हीरानगर सेक्टर के रठुआ, पानसर, मनसारी में रिहायशी इलाकों को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की थी। मंगलवार देर रात हुई इस गोलाबारी में मोर्टार शैल गिरने से लोगों के मकानों व कुछ जानवरों को नुकसान पहुंचा। एक घंटे से भी अधिक समय तक चली इस गोलाबारी में पाकिस्तानी चौकियों को काफी नुकसान पहुंचा था।

Updated : 8 Nov 2019 1:59 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Amit Senger

Swadesh Digital contributor help bring you the latest article around you


Next Story
Top