Home > देश > कांग्रेस ने जज के रातों-रात तबादले को बताया शर्मनाक, 'हिट एंड रन' मामले से की तुलना

कांग्रेस ने जज के रातों-रात तबादले को बताया शर्मनाक, 'हिट एंड रन' मामले से की तुलना

कांग्रेस ने जज के रातों-रात तबादले को बताया शर्मनाक, हिट एंड रन मामले से की तुलना
X

नई दिल्ली। कांग्रेस ने दिल्ली हाईकोर्ट के जस्टिस एस. मुरलीधर के तबादले पर सवाल उठाते हुए इसे शर्मनाक बताया है। विपक्षी दल ने भाजपा नेताओं के भड़काऊ बयान के खिलाफ सुनवाई कर रहे जज के रातों-रात तबादले की तुलना हिट एंड रन मामले से की। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि ऐसा लग रहा है कि देश में न्याय करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

कांग्रेस मुख्यालय में गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा नेताओं को बचाने के लिए जस्टिस मुरलीधर का तबादला किया गया है, इससे पूरा देश हैरान है। आखिरकार सरकार कितने जजों का तबादला करेगी। उन्होंने पूछा कि क्या प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमित शाह को डर था कि दिल्ली हिंसा की जांच में उनकी मिलीभगत का पर्दाफाश हो जाएगा।

सुरजेवाला ने कहा कि भय और नफरत का माहौल पैदा करने वाले किसी को भी नहीं बख्शा जाना चाहिए, चाहे वो किसी भी पार्टी से हो। जो भी इससे पीड़ित है, जिसे चोट लगी है और जिसने अपनी आजीविका खोई है, हमारा दायित्व है कि उसके दोषियों को सजा मिले और न्याय जीते। सरकार अगर राजधर्म भूलकर राजनीति धर्म पर चल रही है तो इस देश के न्यायपालिका का कर्तव्य है कि उसे राजधर्म पर लाए।

कांग्रेस नेता ने कहा कि पूरा देश अचंभित है लेकिन मोदी-शाह दुर्भावना, कुत्सित सोच व निरंकुशता से ग्रस्त हैं। एक मजबूत व स्वतंत्र न्यायपालिका इस देश की रीढ़ है, जिसने महत्वपूर्ण अवसरों पर देश के नागरिकों व इसके संविधान की रक्षा की है। यद्यपि पहली यह बार है जब कोई सरकार सत्ता के नशे में इतनी चूर है कि वह देश के संविधान, न्यापालिका एवं नागरिकों के विश्वास को कमजोर करने में लगी है।

Updated : 27 Feb 2020 11:53 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top