Home > देश > सत्ता में आए तो किसानों के लिए लाएंगे अलग बजट : राहुल गांधी

सत्ता में आए तो किसानों के लिए लाएंगे अलग बजट : राहुल गांधी

-पूर्व सांसद राजेन्द्र वाडी, आर्येन्द्र व दीप शर्मा कांग्रेस में शामिल

सत्ता में आए तो किसानों के लिए लाएंगे अलग बजट : राहुल गांधी
X

हरिद्वार। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा सरकार को आड़े हाथ लेते हुए शनिवार को कहा कि यदि कांग्रेस चुनाव के बाद सत्ता में आती है तो किसानों के लिए अलग से बजट का प्रावधान करेगी। भाजपा एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) मिलकर दो हिन्दुस्तान बनाने चाहते हैं लेकिन कांग्रेस पार्टी ऐसे मंसूबों पर पानी फेर देगी।

जिले के पंतद्वीप मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। इस मौके पर पूर्व सांसद राजेन्द्र वाडी, नेता आर्येन्द्र शर्मा व दीप शर्मा कांग्रेस में शामिल हो गए। राहुल गांधी ने कहा कि इस समय देश में दो विचारधाराओं की लड़ाई है, एक तरफ भाजपा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) एवं मोदी हैं जो देश में दो हिन्दुस्तान बनाना चाहते हैं। एक अमीरों और दूसरा गरीबों का। उनके हिन्दुस्तान में गरीब, मजदूर, दलित, किसान, अल्पसंख्यकों के लिए कोई जगह नहीं है। दूसरी विचारधारा कांग्रेस की है, इसमें एक हिन्दुस्तान है, इसमें सभी प्यार से रहेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में फायदा केवल बीस लोगों का हुआ है, इनमें अडानी, अम्बानी, मेहुल चोकसी, नीरव मोदी, विजय माल्या जैसे नाम शामिल है।

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद कोई भी कर्जदार किसान जेल नहीं भेजा जाएगा। हम न्याय योजना के तहत गरीब परिवारों को आर्थिक सहयोग देंगे। बीस करोड़ सबसे गरीब परिवारों के खाते में पांच साल में तीन लाख 60 हजार रुपये निश्चित रूप से जमा किये जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इन 72 हजार रुपये देने पर सवाल पूछते हैं कि ये कहा से आयेगा ? ये पैसा अनिल अम्बानी और उनके जैसे अमीर चोरों की जेब से निकाला जायेगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि कांग्रेस सरकार बनते ही 22 लाख सरकारी पदों को एक वर्ष के अन्दर भरा जायेगा।

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस उतना ही कहती है जितना कर सकती है और सरकार बनने पर युवाओं को स्वरोजगार के लिए तीन वर्ष तक बिना किसी लाइसेंस प्रक्रिया के स्वयं के कारोबार का अवसर दिया जायेगा। हमने राजस्थान, मध्य प्रदेश छतीसगढ़ में सरकार बनने के दो दिनों के भीतर किसानों का कर्जा माफ करके साबित किया है। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हिन्दू धर्म सबसे बड़ी महत्ता गुरू की होती है। मोदी जी के गुरू आडवाणी हैं लेकिन उनकी हालत देखकर रोना आता है। मोदी ने आडवाणी को लात मारकर राजनीतिक परिदृश्य से बाहर कर दिया। क्या यही मोदी की गुरू भक्ति है?

कांग्रेस अध्यक्ष ने राष्ट्रीय सुरक्षा जिक्र करते हुए कहा कि देश के पांच हवाई अड्डों को गुपचुप तरीके से अडानी को सौंप दिया और किसी हवा तक नहीं लगने दिया। उन्होंने उत्तराखंड की पांचों सीटों से कांग्रेस उम्मीदवारों को विजयी बनाने की कार्यकत्ताओं से अपील की। कांग्रेस अध्यक्ष से पूर्व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हीरा सिंह बिष्ट, कांग्रेस उम्मीदवार अम्बरीष कुमार, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह ने भी संबोधित किया। मंच पर ब्रहमस्वरूप ब्रहचारी, विधायक काजी निजामुददीन, ममता राकेश व फुरकान अहमद के अलावा विजय सारस्वत, डॉ संजय पालीवाल, राजेश धर्माणी सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।

Updated : 6 April 2019 3:04 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top