Home > देश > सांसद रामचन्द्र पासवान के निधन पर अमित शाह व नीतीश कुमार ने जताया शोक

सांसद रामचन्द्र पासवान के निधन पर अमित शाह व नीतीश कुमार ने जताया शोक

सांसद रामचन्द्र पासवान के निधन पर अमित शाह व नीतीश कुमार ने जताया शोक
X

पटना। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने समस्तीपुर से लोजपा सांसद एवं केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान के छोटे भाई रामचन्द्र पासवान के निधन पर शोक व्यक्त किया। शाह ने कहा कि गरीबों और हाशिये पर रहे लोगों को सशक्त बनाने के वास्ते किए गए प्रयासों के लिए उन्हें हमेशा याद रखा जायेगा। वह उनके आवास पर जाकर पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई दिग्गज नेता उनके आवास पर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी उनके निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी एक शोक संदेश में नीतीश ने लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के सांसद रामचन्द्र पासवान के असामयिक निधन पर शोक प्रकट करते हुए उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ कराए जाने की घोषणा की है।

नीतीश ने कहा कि दिवंगत रामचन्द्र पासवान एक कुशल राजनेता एवं प्रसिद्ध समाजसेवी थे। वे सरल स्वभाव के और काफी मिलनसार थे। अपने क्षेत्र में वे काफी लोकप्रिय थे। उनके निधन से न केवल सामाजिक बल्कि राजनीति के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुयी है।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शान्ति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। रामचंद्र पासवान ने रविवार दोपहर नई दिल्ली स्थित आरएमएल अस्पताल में उपचार के क्रम में दम तोड़ दिया।

लोक जनशक्ति पार्टी के सांसद रामचंद्र पासवान का रविवार दोपहर बाद निधन हो गया। वह 57 वर्ष के थे। रामचंद्र पासवान केन्द्रीय मंत्री एवं लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान के छोटे भाई थे। पार्टी के नेता चिराग पासवान ने बताया कि उनके चाचा का यहां राम मनोहर लोहिया अस्पताल में दोपहर बाद 1.24 बजे निधन हो गया।

रामचंद्र को पिछले सप्ताह दिल का दौरा पड़ा था जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शनों के लिए यहां उनके आवास पर और सोमवार को पटना में लोजपा कार्यालय में रखा जाएगा। उनके परिवार में पत्नी,दो बेटे और एक बेटी है। उनका अंतिम संस्कार कल सोमवार को पटना में किया जाएगा।

चिराग ने ट्वीट किया,''गहरे दुख के साथ मुझे सूचित करना पड़ रहा है कि मेरे चाचा रामचंद्र पासवान नहीं रहे। नयी दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में दोपहर बाद 1.24 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

उन्होंने कहा,''रामचंद्र पासवान जी का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शनों के लिए शाम पांच बजे से 18, राजेन्द्र प्रसाद मार्ग स्थित उनके आवास पर रखा जाएगा। इसके बाद पार्थिव देह को पटना ले जाया जाएगा और लोजपा कार्यालय में सुबह 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक रखा जाएगा। शाम चार बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

रामचंद्र चार बार सांसद रहे। वह 1999 में पहली बार, इसके बाद 2004 में और तीसरी बार 2014 में सांसद निर्वाचित हुए थे। मई 2019 में वह बिहार के समस्तीपुर से लोकसभा चुनाव जीते थे। उनके निधन पर गहरा शोक जताते हुए पूर्व सांसद और लोकतांत्रिक जनता दल के वरिष्ठ नेता शरद यादव ने पासवान के परिवार के लिए संवेदनाएं जतायीं।

Updated : 21 July 2019 11:47 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top