Home > देश > आप को लगा बड़ा झटका

आप को लगा बड़ा झटका

आशुतोष ने छोड़ा केजरीवाल का साथ, राजनीति से लिया संन्यास

आप को लगा बड़ा झटका
X

नई दिल्ली। वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आम आदमी पार्टी (आप) से इस्तीफा दे दिया है। साथ ही, उन्होंने राजनीति से भी संन्यास लेने की घोषणा की है। बुधवार को ट्वीटर पर आशुतोष ने पार्टी छोड़ने का ऐलान किया।

बताया जा रहा है कि आशुतोष तभी से नाराज चल रहे थे जबसे उन्हें दिल्ली से राज्यसभा का टिकट नहीं दिया गया था। पार्टी के संयोजक केजरीवाल को उन्होंने कुछ महीने पहले ही अपना इस्तीफा सौंप दिया था, लेकिन इसे मंजूर नहीं किया गया था। बावजूद इसके आशुतोष ने बुधवार को सार्वजनिक तौर पर पार्टी छोड़ने की घोषणा की है। पार्टी छोड़ने का कारण उन्होंने अपना निजी कारण बताया और आप की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देते हुए कहा, 'हर यात्रा का अंत अवश्यंभावी है। आप के साथ मेरे खूबसूरत और क्रांतिकारी जुड़ाव का भी अंत हो गया है।' उन्होंने आप की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) को इस्तीफा भेज कर खुद को पार्टी से अलग करने की सूचना दे दी है।

उन्होंने कहा कि पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ बनी और इसी मकसद को लेकर सभी चले थे, लेकिन अब पार्टी अपने उद्देश्य से भटक गई है। हालांकि आप की तरफ से इस मुद्दे पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। उल्लेखनीय है कि आशुतोष वर्ष 2014 में लोकसभा चुनावों से पहले पत्रकारिता छोड़कर आप में शामिल हो गए थे और पार्टी के टिकट पर चांदनी चौक इलाके से लोकसभा चुनाव भी लड़े थे, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के डा. हर्षवर्धन से चुनाव हार गए थे। देखा जाए तो वर्ष 2015 में दिल्ली में केजरीवाल सरकार के गठन के बाद से आप से अलग हुए प्रमुख नेताओं की फेहरिस्त में आशुतोष चौथा बड़ा नाम हैं। इससे पहले आप के संस्थापक सदस्य योगेन्द्र यादव, प्रशांत भूषण और शाजिया इल्मी पार्टी से नाता तोड़ चुके हैं। पिछले कुछ समय से पार्टी की गतिविधियों से अलग चल रहे कुमार विश्वास भी आप नेतृत्व से नाराज बताए जाते हैं।



उन्होंने ट्वीट में आगे लिखा कि मैंने पीएसी से इसे स्वीकार करने के लिए कहा है। इसके पीछे पूरी तरह से व्यक्तिगत कारण हैं। पार्टी के साथ साथ उन सभी को धन्यवाद जिन्होंने मुझे समर्थन दिया। धन्यवाद। धन्यवाद।

Updated : 15 Aug 2018 1:47 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top