Home > राज्य > अन्य > बिहार > बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार करेंगे एनडीए का नेतृत्व: अमित शाह

बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार करेंगे एनडीए का नेतृत्व: अमित शाह

बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार करेंगे एनडीए का नेतृत्व: अमित शाह
X

नई दिल्ली, स्वससे। जदयू के साथ अपनी पार्टी के गठजोड़ के भविष्य को लेकर लगाई जा रही अटकलों पर विराम लगाते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि दोनों पार्टियों का गठबंधन अटल है और अगले साल होने वाला बिहार विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। शाह ने कहा, गठबंधन अटल है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन राजग बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव लड़ेगा। राष्ट्रीय स्तर पर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गठबंधन का नेतृत्व करना जारी रखेंगे।

भाजपा अध्यक्ष का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब राज्य में भाजपा और जदयू) के बीच मतभेद की अटकलें लगाई जा रही थी। शाह ने कहा, बिहार में भाजपा और जदयू) का गठबंधन अटल है और दोनों मिलकर चुनाव लड़ेंगे। यह चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। यह पूरी तरह से स्पष्ट है। दरअसल, उनसे पूछा गया था कि अगले साल बिहार में होने वाला विधानसभा चुनाव क्या भाजपा अकेले लडऩे पर विचार कर रही है। शाह ने गठबंधन में असहजता को तवज्जो नहीं देते हुए कहा कि यह स्वाभाविक है कि स्थानीय स्तर पर कुछ मतभेद उभरें और यह एक स्वस्थ गठबंधन का संकेत है। बस मतभेद को मनभेद में नहीं बदलना चाहिए।

गौरतलब है कि भारी बारिश से पटना में हाल ही में हुए जलजमाव सहित कई मुद्दों को लेकर कुमार की भाजपा नेता गिरिराज सिंह एवं कुछ अन्य पार्टी नेता आलोचना करते रहे हैं। इस पर जदयू नेताओं की ओर से प्रतिक्रिया भी आती रही। जदयू नेताओं ने शाह की इस घोषणा का स्वागत करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। हालांकि, केंद्रीय गृह मंत्री के ताजा बयान से महागठबंधन में निराशा पैदा हो सकती है, जो राजग में टूट की उम्मीद कर रहा था। महागठबंधन के नेताओं का मानना था कि कुमार लगातार तीन कार्यकाल मुख्यमंत्री रहे हैं लेकिन मोदी और शाह के आक्रामक नेतृत्व के तहत भाजपा बिहार में प्रभाव बढ़ाने की योजना बना रही है।

जदयू के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्य में मंत्री श्याम रजक ने शाह की इस घोषणा को लेकर उनका शुक्रिया अदा करते हुए ट्वीट किया, मैं भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और नरेंद्र मोदी जी का धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव नीतीश जी के नेतृत्व में लडऩे की बात कह कर कुछ लोगों की शंका को दूर करने का काम किया है।

विपक्ष, जो इन बातों पर आनंद ले रहा था, यह उनके मुंह पर तमाचा है। उन्होंने कहा, जो भी जदयू-भाजपा गठबंधन को तोडऩे का प्रयास करेगा, वह खुद टूट जाएगा। मगर इस गठबंधन पर कोई आंच नहीं आएगी। हमारा गठबंधन मजबूत था और आगे भी रहेगा। क्योंकि विचारों के आधार पर हमारा गठबंधन है और यह विचार है बिहार की 12 करोड़ जनता का विकास, जिसमें हम लगे हुए हैं।

Updated : 18 Oct 2019 10:32 AM GMT
author-thhumb

Swadesh News

Swadesh Digital contributor help bring you the latest article around you


Next Story
Top