Home > राज्य > अन्य > बिहार > बदमाशों और पुलिस में मुठभेड़, दो अपराधी ढेर, दरोगा शहीद

बदमाशों और पुलिस में मुठभेड़, दो अपराधी ढेर, दरोगा शहीद

बदमाशों और पुलिस में मुठभेड़, दो अपराधी ढेर, दरोगा शहीद
X

खगडिया। खगड़िया और नौगछिया पुलिस जिला की सीमा पर स्थित नारायणपुर के दुधैला बहियार में 12 अक्टूबर की देर रात डकैतों के साथ मुठभेड़ में खगड़िया जिला के पसराहा थानाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह शहीद हो गए। हमले में सिपाही दुर्गेश कुमार गंभीर रूप से घायल है| उसका भागलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस घटना में एक डकैत भी मारा गया है। बताया जाता है कि पसराहा थानाध्यक्ष आशीष को दिनेश मुनि गिरोह के अपने क्षेत्र में होने तथा किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में होने की भनक लगी थी। बिना समय गंवाये थानाध्यक्ष आशीष अपने पास उपलब्ध पुलिस बल के साथ डकैत गिरोह की तलाश में दुर्धला बहियार पहुंच गए जहां उनकी मुठभेड़ डकैतों के साथ हो गई। पुलिस ने एक डकैत को मार गिराया लेकिन इसी बीच एक गोली थानाध्यक्ष आशीष के पेट में लग गई। थानाध्यक्ष को कवर कर रहा सिपाही दुर्गेश जांध में गोली लग जाने से घायल हो गया। शनिवार को तड़के थानाध्यक्ष और सिपाही को विशेष बंदोबस्त से चिकित्सा के लिए भागलपुर ले जाया गया लेकिन डाक्टरों ने थानाध्यक्ष आशीष को मृत लाया गया घोषित कर दिया| घायल सिपाही की हालत में सुधार हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुठभेड़ में सौ राउंड से अधिक गोलियां चली है। मृतक थानाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह सहरसा जिला के सरोजा गांव निवासी गोपाल सिंह के सबसे छोटे पुत्र थे। इससे पहले भी खगड़िया मुफसिल थानाध्यक्ष रहने के दौरान एक अपराधी की गोली लगने से घायल हुए थे। आशीष कुमार सिंह की गिनती कर्मठ और जांबाज पुलिस पदाधिकारी के रूप में होती थी। खगड़िया पुलिस लाइन में शहीद थानाध्यक्ष के शव के इंतजार में पुलिस कर्मियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में आम लोग भी मौजूद हैं।

दरोगा की शहादत बेकार नहीं जाएगी

आईजी ने कहा डकैतों के साथ मुठभेड़ में शहीद दरोगा आशीष कुमार सिंह की शहादत बेकार नहीं जाएगी। दरोगा ने अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया है। ऐसे पुलिस अफसरों पर गर्व है। उक्त बातें भागलपुर के आईजी सुशील मानसिंह खोपड़े ने खगड़िया और नौगछिया पुलिस जिला की सीमा पर स्थित नारायणपुर के दुधैला बहियार में 12 अक्टूबर की देर रात डकैतों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए खगड़िया जिला के पसराहा थानाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह के संबंध में कही। उन्होंने बताया कि अभी घटना स्थल के आसापास के क्षेत्र में डीआईजी और खगड़िया तथा नौगछिया एसपी के नेतृत्व में विशेष काम्बिंग आपरेशन चल रहा है। पुलिस की गोली से घायल एक अन्य अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शहीद दरोगा के परिवार को सभी तरह की आर्थिक और अन्य सहायता दी जाएगी तथा खगड़िया में शहीद दरोगा को ससम्मान अंतिम विदाई दी जाएगी।

Updated : 13 Oct 2018 10:10 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top