Home > Archived > तेजो महालय शिव मंदिर है-डॉ. तोगडिय़ा

तेजो महालय शिव मंदिर है-डॉ. तोगडिय़ा

तेजो महालय शिव मंदिर है-डॉ. तोगडिय़ा
X

आगरा। ताजनगरी में सोमवार को हिन्दुत्व का नारा गूंजा। शहर से लेकर देहात तक केसरिया झंडे लहराए। राम मंदिर, तेजो महालय सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई। सूरसदन में जहां श्रीराम जन्मभूमि राष्ट्रीयता का आधार स्तंभ विषय पर विचार रखे गए तो खंदौली में किसानों की आवाज बुलंद की गई। मौका था विश्व हिन्दू परिषद के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण तोगडिय़ा का आमजन और कार्यकर्ताओं संग साक्षात्कार का।

तोगडिय़ा ने युवाओं को हिन्दुत्व का संदेश दिया। कहा कि हर दिल में राम बसते हैं। राष्ट्रीयता का आधार स्तंभ भी वही हैं और जन्मभूमि ही राष्ट्रीयता का केंद्र है। उन्होंने श्रीराम से जुड़े तमाम प्रसंग आज के परिप्रेक्ष्य में श्रोताओं के सामने रखे। उन्होंने कहा कि तेजो महालय तो हमारा है। यहां शिव मंदिर है। उन्होंने ताज महल बोलने से कई बार परहेज किया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर बनेगा और जरूर बनेगा। हिन्दुत्व को लेकर उन्होंने श्रोताओं से सीधा संवाद भी किया। कार्यक्रम में समाजसेवी रामअवतार शर्मा, जितेंद्र चौहान, पूरन डावर आदि मौजूद रहे। उधर, खंदौली प्रतिनिधि के अनुसार तोगडिय़ा ने किसानों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिरकत की। कहा कि रासायनिक खाद से कैंसर का खतरा है। देसी खाद का इस्तेमाल करें। बताया कि किसान के बेटे हैं और किसानों की समस्याओं को अच्छी तरह से समझते हैं। उन्होंने किसानों की स्थिति को सुधारने के लिए कड़े कदम उठाने पर जोर दिया। कहा कि साल 1970 में जिस किसान परिवार के पास छह एकड़ जमीन, अब घट कर मात्र दो एकड़ रह गई है। उन्होंने कहा कि देश भर में केंचुआ बैंक बनाई जाए और देशी खाद का ही किसान इस्तेमाल करें। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक प्रमुख जगवीर सिंह तोमर,बौहरे ओम प्रकाश, चौधरी डूंगर सिंह, उदयवीर बाबा, मुकेश सिकरवार, श्याम सुंदर शर्मा, प्रधान फौरन सिंह, यशपाल जुरैल, सतीश पराशर, मनोज सिकरवार, राजेन्द्र गर्ग, लक्ष्मण भारद्वाज आदि मौजूद रहे। ताज की दी प्रतिकृति कार्यकर्ताओं ने तोगडिय़ा का भव्य स्वागत किया। उन्हें ताज महल की प्रतिकृति भी दी। जिस पर तेजो महालय (शिव मंदिर) लिखा हुआ था। इसे लेकर सूरसदन में काफी देर तक चर्चा भी होती रही। खचाखच भर गया हॉल तोगडिय़ा को सुनने के लिए शाम चार बजे से ही सूरसदन भरने लगा था। वे करीब सवा पांच बजे पहुंचे तो पूरा हॉल खचाखच भर गया था। पुलिस ने वाईआईपी गेट को सील कर दिय था। जाम के झाम में फंसे लोग सूरसदन के बाहर भी काफी भीड़ थी। विहिप सहित अन्य संगठनों के तमाम कार्यकर्ता पहुंचे थे। महिलाओं की संख्या भी खासी रही। इस दौरान एमजी रोड पर जाम की स्थिति रही। जाम खुलवाने में पुलिसकर्मी खासे परेशान रहे।

अग्रसेना ने किया स्वागत
अग्रसेना ने विश्व हिन्दू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण भाई तोगडिय़ा के आगरा आगमन व आवास विकास कॉलोनी में अग्रसेन बर्तन भंडार के शुभारंभ के उपलक्ष्य में सभी पदाधिकारियों ने स्मृति चिन्ह भेंट करके स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष श्याम भदौरिया, ब्रज प्रान्त संगठन मंत्री मनोज कुमार, विहिप के राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष विनय अग्रवाल, अग्रसेना अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, केएम सिंघल, संजय अग्रवाल, कृष्णा मित्तल, हरिओम मित्तल, शैलू अग्रवाल, भारत मित्तल, जिनेश अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, वीरेंद्र अग्रवाल, धीरज अग्रवाल, आदि उपस्तिथ रहे।

राम मंदिर के लिए बने कानून
विश्व हिन्दू परिषद अन्तर्राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगडिय़ा ने पत्रकार वार्ता में कहा कि संसद राम मंदिर के लिए कानून बनाए। जम्मू और कश्मीर से धारा 370 हटनी चाहिए। देश में दो बच्चों का कानून बनाया जाए। जो इस कानून को तोड़े, उसे सरकारी लाभ से वंचित किया जाए। जिनके दो से अधिक बच्चे हैं, उनको राशन का अनाज, सरकारी स्कूल और हॉस्पीटल में नि:शुल्क सेवा, सरकारी नौकरी, बैंकों से लोन और चुनाव लडऩे पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए।

Updated : 5 Sep 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top