Home > Archived > कलश यात्रा निकाल कर किया श्रीजी का पूजन

कलश यात्रा निकाल कर किया श्रीजी का पूजन

श्रीकृष्ण जन्मस्थान से निकली शोभायात्रा

मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के तत्वाधान में यमुना षष्ठी के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गयी।

श्री यमुना महारानी के पूजन हेतु निकलने वाले शोभायात्रा को लेकर रविवार को सुबह से ही जन्मस्थान परिसर में उत्सव का माहौल था। प्रात: लगभग 9 बजे गाजे-बाजे के साथ यमुना पूजन हेतु एक भव्य मंगल कलश यात्रा प्रारंभ हुई।

भव्य शोभायात्रा में मंगल कलश लिये महिलायें तथा उद्दाम संकीर्तन करते हुए महिला पुरूष भक्तगणों ने संपूर्ण शोभायात्रा को श्रीकृष्ण एवं श्री यमुनाजी के प्रेम में सराबोर कर दिया। विश्राम घाट पर पहुंचने पर बैण्ड बाजों की सुमधुर ध्वनि में भावविभोर होकर भक्तजन श्रीयमुना जी की भक्ति में लीन होकर नृत्य कर उठे।

विश्राम घाट पर तीर्थपुराहितों द्वारा संस्थान के सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी, संयुक्त मुख्य अधिशासी राजीव श्रीवास्तव, विशेष कार्याधिकारी गिर्राज शरण, जनसंपर्क विजय बहादुर सिंह, श्रीकृष्ण संकीर्तन मण्डल के सभी भक्तजन आदि को पूजन पूर्व संकल्प कराते हुए विधिविधान पूर्वक पूजन कराया। श्रीयमुना जी के पूजन के मध्य भक्तजनों द्वारा अर्पित की गयी पूजा सामिग्री से श्रीयमुना जी का जल और भी सुंदर दिखने लगा। दूध की धारा एवं पुष्पों से यमुनाजल में एक अनूठी व चित्ताकर्षट छटा उत्पन्न हो गयी।

श्रीयमुना जी के पूजन में संस्थान के नारायण दास, अनुराग पाठक, ब्रजकिशोर शर्मा, ओमप्रकाश, कुमोद कुमार एवं अन्य कर्मचारियों के साथ-साथ संस्थान के विद्यालय की अध्यापिकायें, श्रीकृष्ण संकीर्तन मंडल के अनिल भाई, प्रदीप, मुनीम, अनंत अग्रवाल, कन्हैया लाल, श्रीमती रेखा, पूनम, उमा, सरोज आदि के अलावा नगर के तमाम श्रद्धालुओंं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

Updated : 3 April 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top