Home > Archived > होली के रंग में सराबोर हो रहे हैं विदेशी पर्यटक

होली के रंग में सराबोर हो रहे हैं विदेशी पर्यटक

मथुरा। पूरा ब्रज होली के रंगों में सराबोर है। यहां सवा महीने तक चलने वाली होली के रंग जमकर बिखरने लगे हैं। ब्रज के लगभग सभी मंदिरों में भक्तों की टोलियाँ जमकर होली खेल रही है जिसमें देश से ही नहीं बल्कि विदेशी श्रद्धालु भी अबीर गुलाल और रंगों में सराबोर होकर ब्रज की होली का आनंद ले रहे है।

ब्रज के मंदिरों में सैंकड़ों वर्षो से चली आ रह परम्परा के अनुसार सबसे पहले सेवायत पुजारी भगवान को गुलाल और पिचकारी से रंग लगाते हैं। जिसके बाद मंदिर में आए दर्शनार्थियों को होली के रंगों में सराबोर कर देते हैं। यहां आने वाले हर भक्त की कामना होती है कि वे इन भक्ति रूपी रंगों में पूरे भीग जायें यदि उन पर भगवान की भक्ति का रंग न भी पड़ सके लेकिन छींटे पडऩे से किसी कीमत पर रह न जाये। भगवान का आशीर्वाद और उनकी कृपा हमेशा बनी रहे।

बसन्त पंचमी से ही यहां शुरू हुए होली महोत्सव में होलिकाअष्टमी के बाद से धुंआधार रंग बरस रहा है। ब्रज के लगभग सभी मंदिरों में ऐसा ही नजारा देखने को मिल रहा है। मंदिरों में सेवायत पुजारी रंग बरसा रहे थे तो श्रद्धालु भी कान्हा की भक्ति में सरोबार होकर जमकर नाच रहे है। महिला, पुरुष, बच्चे, बुजुर्ग और जवान हर कोई भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में चूर है। विदेशी पर्यटक भी होली के रंगों में रंगे दिखाई दिए। अर्जेंटीना से वृंदावन घूमने आई महिला श्रद्धालु ने कहा कि वो यहां आकर बेहद खुश है। पहली बार उसने रंगों का ऐसा त्योहार देखा है। वो काफी उत्साहित है।

Updated : 5 March 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top