Home > Archived > तुअर 70 और चना दाल 50 रुपए सस्ती

तुअर 70 और चना दाल 50 रुपए सस्ती

तुअर 70 और चना दाल 50 रुपए सस्ती
X

शक्कर ने पकड़ी तेजी
ग्वालियर|
विदेशों से आयात और अच्छा उत्पादन होने के कारण दालों के दामों में जबरदस्त नरमी देखी जा रही है। हाजिर बाजार में तुअर दाल 70 रुपए और चना दाल 50 रुपए किलो तक सस्ती हो गई है। वहीं उत्पादन कम होने की खबर और मांग में तेजी आने के कारण शक्कर के दामों में चार रुपए किलो की तेजी चल रही है। हाजिर बाजार में शक्कर 42 रुपए किलो के भाव पर बिक रही है।

उल्लेखनीय है कि विगत समय पूर्व तुअर दाल 150 से 180 और चना दाल 120 से 150 रुपए किलो का स्तर छू चुकी है। दिसम्बर माह में तुअर की अच्छी फसल आने से इसके दामों में गिरावट बनी हुई है। वर्तमान में तुअर दाल 70 से 80 रुपए किलो के स्तर पर बिक रही है। वहीं अप्रैल में लोकल स्तर की तुअर दाल आने से इसके दामों में और गिरावट आने की संभावना है। वहीं मार्च माह से नया चना बाजार में आ जाएगा, जिस कारण चना दाल और सस्ती हो जाएगी। चना दाल के दाम कम होने के कारण 160 रुपए किलो बिकने वाला बेसन 90 रुपए किलो के भाव पर बिक रहा है। वहीं बाजार में चना दाल 70 रुपए किलो के भाव पर बिक रही है।

और महंगी हो सकती है शक्कर
शक्कर में तेजी का माहौल बना हुआ है। बाजार में शक्कर 42 रुपए किलो के भाव पर बिक रही है। शहर के कुछ दुकानदार इसे 43 रुपए किलो में बेच रहे हैं। शक्कर कारोबारियों के अनुसार गर्मी में शक्कर की मांग में जबरदस्त तेजी आने वाली है, जिससे शक्कर के दामों में और अधिक तेजी आ सकती है। इसी क्रम में देशी घी के दाम भी पहले की अपेक्षा बढ़ गए हैं।

Updated : 17 Feb 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top