Home > Archived > हिन्दी है तो ही हिंदुस्तान है : उपराष्ट्रपति नायडू

हिन्दी है तो ही हिंदुस्तान है : उपराष्ट्रपति नायडू

हिन्दी है तो ही हिंदुस्तान है : उपराष्ट्रपति नायडू
X

हिसार/नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने आज खुले दिल से हरियाणा के विकास और खेल से लेकर कृषि में योगदान की तारीफ की। नायडू ने मंगलवार को हरियाणा के हिसार में आयोजित 'हरियाणा स्वर्ण जयंती खेल महाकुम्भ समापन समारोह' में बतौर मुख्य अतिथि कहा, 'हरियाणा ने 76% साक्षरता वाला प्रदेश बनकर देश में नया इतिहास कायम किया है। आज प्रदेश दुग्ध उत्पादन में अग्रणी राज्य है। देश की मात्र 1.5 आबादी वाला राज्य 15% अनाज उत्पादन में योगदान देता है। यह अपने आप में बहुत बड़ी बात है।'

उपराष्ट्रपति ने हरियाणा ने देश में विकास में सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाला राज्य बताते हुए कहा एक छोटा सा राज्य अपने गौरवशाली इतिहास और लोक संस्कृति के दम पर विश्व मंच में अपना अलग स्थान बना चुका है। चाहे खेल का कोई क्षेत्र हो या तकनीकी में राज्य प्रतिदिन नए इतिहास कायम कर रहा है। उन्होंने कहा देश में जितना विकास कार्य आवश्यक है उतना ही जरुरी सुशासन के माध्यम से विकास को जनता तक पहुंचाना आवश्यक है। उपराष्ट्रपति ने कहा, 'देश में हिंदी के बिना हिंदुस्तान की कल्पना नहीं की जा सकती है।' उन्होंने अपने जीवन अनुभव को साझा करते हुए कहा जब मैंने जन्म लिया तब आंध्र प्रदेश में हिन्दी का विरोध देखा फिर मैंने जाना कि देश में हिन्दी कितनी आवश्यक है और हिन्दी है तो ही हिंदुस्तान है।'

राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी ने समारोह में सम्बोधित करते हुए पिछले वर्ष प्रारम्भ स्वर्ण जयंती समारोह के समापन पर हरियाणावासियों को बधाई दी। राज्यपाल ने खट्टर के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताया। सोलंकी ने हरियाणा का गवर्नर बनने पर स्वयं को सौभाग्यशाली बताया। उन्होंने कहा यह कार्यक्रम बढ़ते हुए हरियाणा का संदेश देता है। हरियाणा देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है इसका श्रेय मुख्यमंत्री को जाता है। सोलंकी ने देश के प्रथम गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल को याद करते हुए कहा देश के एकीकरण में उनका योगदान सबसे अहम रहा। पटेल सत्य में लौह पुरुष थे। उन्होंने प्रदेश वासियों से स्वच्छ भारत अभियान में अहम योगदान देने का आह्वान किया| कार्यक्रम में हरियाणा मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, राज्यसभा सदस्य सुभाष चंद्रा, अभिनेता रणदीप हुड्डा, अभिनेता सोनू निगम समेत प्रदेश के कई मंत्रीगण मौजद रहे।

Updated : 31 Oct 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top