Home > Archived > केरल में भाजपा कार्यकर्ताओं की कुर्बानी बेकार नहीं जाएगी : नरेंद्र सिंह तोमर

केरल में भाजपा कार्यकर्ताओं की कुर्बानी बेकार नहीं जाएगी : नरेंद्र सिंह तोमर

केरल में भाजपा कार्यकर्ताओं की कुर्बानी बेकार नहीं जाएगी : नरेंद्र सिंह तोमर
X

नई दिल्ली। केरल में नरसंहार के विरोध में भाजपा की जनरक्षा यात्रा के तहत भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश इकाई ने सोमवार को यहां मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के मुख्यालय पर केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन सहित अन्य वामपंथी नेताओं के पुतले फूंके। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि केरल में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं की कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा हत्याएं हुई हैं। इन हिंसक घटनाओं को अंजाम देने वालों को केरल सरकार का संरक्षण प्राप्त है। लेकिन मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि भाजपा कार्यकर्ताओं की ये शहादत बेकार नहीं जाएगी। भाजपा कार्यकर्ताओं की कुर्बानी आने वाले कल में कम्युनिस्ट पार्टी को पराजय तक भेजने का काम करेगी।

तोमर ने कहा कि मैं केरल की सरकार का आगाह करना चाहता हूं कि समय रहते लोकतंत्र की रक्षा के लिए कदम उठाए और भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या के दोषियों को सजा दे। उन्होंने कहा कि केरल की सरकार यदि समय रहते नहीं जागी तो यह आंदोलन देशव्यापी रूप ले लेगा और यदि ऐसा हुआ तो केरल में भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रभाव से कम्युनिस्ट पार्टी की सरकार जाएगी और केरल की धरती पर भाजपा का कमल खिलेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की शहादत तानाशाही और फासीवाद के विरोध में भाजपा के विचार और लोकतंत्र के लिए है। उन्होंने कहा कि आज केरल में कम्युनिस्ट पार्टी की सरकार है। कम्युनिस्ट पार्टी की सरकार हिंसा, तानाशाही और अलोकतांत्रिक गतिविधियों में भरोसा रखती है। इसलिए आज केरल में भाजपा कार्यकर्ताओं को उन तानाशाही शक्तियों के विरोध का सामना करते हुए काम करना पड़ता है। ऐसे ही हमारे तमाम भाई जो वहां काम कर रहे थे उनकी केरल के मुख्यमंत्री के संरक्षण में कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनकी हत्या कर दी। लेकिन मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि भाजपा कार्यकर्ताओं की ये शहादत बेकार नहीं जाएगी।

भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय राहटकर ने कहा कि केरल में गत दो साल में 280 से भी ज्यादा हत्याएं हुईं। केरल में बच्चों को पिता का, बहनों को भाई का और मां को बेटे का प्यार नहीं मिल पा रहा है। इसके लिए वहां की सरकार जिम्मेदार है जो भाजपा के विचार का समर्थन करने वालों को मौत के घाट उतरवा रही है। उन्होंने कहा कि इस हालात से जूझ रहा केरल में भाजपा का कार्यकर्ता अकेला नहीं है| उन्हें देशभर से समर्थन मिल रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि वहां नरसंहार नहीं रुका तो भाजपा महिला मोर्चा केरल की ओर कूच करेगी। भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पांडे ने कहा कि देश दिवाली मानने के तैयारी कर रहा है लेकिन केरल सरकार की तानाशाही रवैये के चलते वहां भाजपा कार्यकर्ताओं की दिवाली काली हो गई है।

Updated : 16 Oct 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top