Home > Archived > तिघरा से पेयजल आपूर्ति को लेकर असमंजस

तिघरा से पेयजल आपूर्ति को लेकर असमंजस

तिघरा से पेयजल आपूर्ति को लेकर असमंजस
X

जलकार्य प्रभारी राणा ने कहा, आज से होगी एक दिन छोड़कर जलापूर्ति

महापौर ने कहा, निगमायुक्त को लेना है निर्णय
निगमायुक्त ने नहीं उठाया मोबाइल


ग्वालियर, वरिष्ठ संवाददाता। शहर में तिघरा से वर्तमान में प्रतिदिन पानी की सप्लाई की जा रही है। लेकिन अब जबकि नगर निगम को उसके अनुरोध पर न्यायालय ने एक दिन छोड़कर पानी आपूर्ति की अनुमति दे दी है। लेकिन यह व्यवस्था कबसे लागू होगी इसे लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

इस सम्बन्ध में जहां महापौर परिषद में जलकार्य प्रभारी धर्मेन्द्र राणा का कहना है कि यह व्यवस्था शनिवार से लागू की जा रही है। वहीं महापौर विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि यह निर्णय निगमायुक्त अनय द्विवेदी को लेना है। उधर जब इसे लेकर निगमायुक्त श्री द्विवेदी से उनके मोबाइल 9644405500 पर सम्पर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया तो उन्होंने बात नहीं की, इतना ही नहीं इस सम्बन्ध में किए गए एसएमएस का भी श्री द्विवेदी ने कोई जवाब नहीं दिया। उल्लेखनीय है कि लगभग तीन माह पहले न्यायालय के आदेश पर नगर निगम को तिघरा से शहरवासियों को प्रतिदिन जलापूर्ति शुरू करना पड़ी थी। क्यों कि इसे लेकर जल संसाधन विभाग का कहना था कि तिघरा में प्रतिदिन जल सप्लाई के लिए 31 जुलाई तक पर्याप्त पानी है, हालांकि वह अपनी इस बात पर अब भी अडिग है। लेकिन नगर निगम का कहना है कि एक ओर जहां वाष्पीकरण से पानी उड़ रहा है, वहीं यदि समय पर मानसून नहीं आया और ठीक से बारिश नहीं हुई तो आगे पेयजल आपूर्ति में दिक्कत हो सकती है।

इसके बाद जब निगम ने न्यायालय के समक्ष अपनी बात रखी तो उसे एक दिन छोड़कर पेयजल सप्लाई की अनुमति मिल गई। लेकिन नगर निगम यह व्यवस्था कब से लागू करेगा इसे लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। यह असमंजस उस समय और बढ़ गया जबकि आज स्वदेश ने जलकार्य प्रभारी से इस सम्बन्ध में जानकारी चाही तो उन्होंने कहा कि शनिवार से ही एक दिन छोड़कर पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था लागू की जा रही है। लेकिन महापौर विवेक शेजवलकर ने कहा कि इस सम्बन्ध में निर्णय निगमायुक्त को लेना है। लेकिन निगमायुक्त से बार- बार सम्पर्क का प्रयास करने पर भी उन्होंने बात नहीं की । जनता से जुड़े इस मामले निगम प्रशासन के इस रवैये को देखकर यह कहा जा सकता है कि अधिकारी अपने कर्तव्यों के प्रति कितने गंभीर हैं।

Updated : 18 Jun 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top