Home > Archived > कराची पोर्ट से चली दो संदिग्ध बोट, अलर्ट जारी

कराची पोर्ट से चली दो संदिग्ध बोट, अलर्ट जारी

कराची पोर्ट से चली दो संदिग्ध बोट, अलर्ट जारी
X

नई दिल्ली | एलओसी यानी नियंत्रण रेखा पर भारत की सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान बुरी तरह बौखला गया है। वह आतंक फैलाने के लिए अलग-अलग रास्तों पर आमादा है। इसे लेकर सीमा से लगे भारत के सभी राज्य हाई अलर्ट पर हैं। मल्टी एजेंसी सेंटर (एमएसी) ने गुजरात सहित सभी सीमावर्ती राज्यों को चेतावनी जारी की है और दो पाकिस्तानी नाव के संबंध में जानकारी दी है। इन बोटों को लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है।

एमएसी ने कहा है कि पाकिस्तान के कराची से निकली दो संदिग्ध नाव गुजरात या महाराष्ट्र की तरफ बढ़ रहे हैं। एमएसी के इंटेलिजेंस इनपुट में नाव की लंबाई-चौड़ाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है। यह जानकारी भी दी गई है कि इनमें से एक नाव में कुछ तकनीकी खराबी आ गई है जबकि दूसरी नाव बिलकुल सही सलामत है।

अधिकारियों के मुताबिक भारतीय कोस्ट गार्ड पहले से सतर्क है और इसीलिए रविवार सुबह गुजरात तट के निकट एक पाकिस्तानी नौका को पकडा गया। इस पर नौ लोग सवार थे। रक्षा मंत्रालय की तरफ जारी किए वक्तव्य के मुताबिक तटरक्षक बल के जहाज समुद्र पावक ने गश्त के दौरान इस नौका को गुजरात तट के निकट सुबह दस बजकर पंद्रह मिनट पर पकड़ा। इस पर नौ लोग सवार थे जिनसे पूछताछ की जा रही है।

प्राथमिक जानकारी के आधार पर ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि इस नौका पर सवार लोग पाकिस्तानी मछुआरे हैं. भारतीय सेना ने कुछ दिन पहले ही नियंत्रण रेखा के पार सर्जिकल स्ट्राइक किया था जिसके बाद से पडोसी देश से लगने वाली मैदानी और समुद्री सीमा को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

Updated : 3 Oct 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top